&format=webp&quality=medium)
AU Small Finance Bank Q2 Results: एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक का जुलाई-सितंबर तिमाही में मुनाफा 2 फीसदी घटकर 561 करोड़ रुपये रहा. बैंक का जुलाई-सितंबर 2024 में मुनाफा 571 करोड़ रुपये था. एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि इस दौरान इंटरेस्ट इनकम 9 फीसदी बढ़कर 2,144 करोड़ रुपये रही जो एक साल पहले 2024-25 की दूसरी तिमाही में 1,974 करोड़ रुपये थी.
कुल जमा राशि 1.32 लाख करोड़ रुपये से अधिक रही जो पिछले वर्ष की तुलना में 21 फीसदी ज्यादा है. बता दें कि 7 अगस्त 2025 को आरबीआई से यूनिवर्सल बैंक में ट्रांजिशन हेतु ‘इन-प्रिंसिपल’ मंजूरी मिली थी, और पिछले एक दशक में यह अनुमति पाने वाला देश का पहला संस्थान बना.
इस बीच, एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक के बोर्ड ने 19 अप्रैल 2026 से 18 अप्रैल 2029 तक तीन साल की अवधि के लिए संजय अग्रवाल को मैनेजिंग डायरेक्टर एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) के रूप में फिर से नियुक्त करने को भी मंजूरी दे दी. हालांकि इसके लिए शेयरधारकों और भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मंजूरी अनिवार्य होगी.
जीएनपीए अनुपात 2.41% और एनएनपीए अनुपात 0.88% रहा. तकनीकी बट्टे खाते में डालने सहित पीसीआर 84% रहा.

एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक के एमडी और सीईओ संजय अग्रवाल ने कहा, व्यापार, टैरिफ और जियोपॉलिटिक्स से उत्पन्न वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद, भारत की अर्थव्यवस्था लगातार लचीलापन प्रदर्शित कर रही है। आरबीआई की उदार नीतियों- तरलता सहायता, सीआरआर कटौती और एक संतुलित एलसीआर ढांचे के माध्यम से- ने हमारी खपत-आधारित वृद्धि की गति को बनाए रखा है. प्रस्तावित नियामक परिवर्तन, जैसे जोखिम-आधारित डीआईसीजीसी प्रीमियम, ECL मानदंड, और एमएसएमई व आवास क्षेत्रों के लिए कम आरडब्ल्यूए, साथ ही कर युक्तिकरण, जीएसटी में कमी, विभिन्न ऋण गारंटी योजनाओं और बुनियादी ढांचे पर आधारित पूंजीगत व्यय पर सरकारी उपाय, एक अधिक प्रतिस्पर्धी और भविष्य के लिए तैयार अर्थव्यवस्था की नींव को मजबूत कर रहे हैं.
(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें)