&format=webp&quality=medium)
बैंक आपके खाते में ओवरड्राफ्ट (OverDraft) की सुविधा भी देते हैं. (PTI)
बच्चे की स्कूल फीस भरने, मेडिकल खर्च या किसी अन्य मुश्किल घड़ी में फंड की जरूरत किसी को किसी भी क्षण पड़ सकती है. इसमें ज्यादातर लोग या तो क्रेडिट कार्ड का सहारा लेते हैं या फिर पर्सनल लोन का. पर्सनल लोन लेना इतना आसान भी नहीं है, इसके लिए बैंक कई तरह के दस्तावेज मांगते हैं. साथ ही क्रेडिट स्कोर भी अच्छा होना चाहिए.
पर्सनल लोन तभी तक अच्छा है जब उसे 1 से 2 साल में अदा कर दिया जाए. वहीं क्रेडिट कार्ड पर लंबा-चौड़ा ब्याज लगता है. लेकिन अगर आपको लंबी अवधि का लोन नहीं लेना तो फिर क्या करें. ऐसा लोन जिसे आप कुछ दिनों या महीनों में चुका सकते हैं.
क्या है बेहतर ऑप्शन
कम ही लोग जानते हैं कि बैंक आपके खाते में ओवरड्राफ्ट (OverDraft) की सुविधा भी देते हैं. इस सुविधा में आपको जब जितनी भी रकम की जरूरत है, उतना फंड आप विड्रा कर सकते हैं. यह ऐसा लोन है जिसे आप दिनों, महीनों और चाहे तो वर्षों में अदा कर सकते हैं. इसमें कोई EMI नहीं लगती. सिर्फ ब्याज को समय पर भरना होता है. दक्षिण भारत में बहुतायत संख्या में लोग ओवरड्राफ्ट सुविधा का इस्तेमाल करते हैं.
कैसे ले सकते हैं ओवरड्राफ्ट सुविधा
यह लोन बैंक में सोना गिरवी रखकर या फिर गोल्ड लोन के रूप में मिल सकता है. गोल्ड लोन की एक अच्छी बात यह भी है कि इसमें EMI जैसा बोझ नहीं होता. साथ ही इस लोन को आप कभी भी बंद कर सकते हैं. कुछ बैंक इसमें प्री पेमेंट पेनॉल्टी भी नहीं लेते.
कितना मिलेगा लोन
दुबे पांडे एंड कंपनी के CA अरविंद दुबे के मुताबिक गोल्ड लोन इसलिए भी फायदेमंद हैं, जिसे आप अपने घर में पड़े सोने की कीमत के एवज में बैंक से ले सकते हैं. बैंक सोने का मूल्यांकन कराकर उसकी कीमत का 75 फीसदी तक लोन उपलब्ध कराते हैं, जो 3 माह से 12 माह तक के लिए मिलता है. इसमें कर्जधारक को ब्याज निश्चित समय पर देना होता है और वह मूलधन अदा कर लोन बंद भी कर सकता है.