&format=webp&quality=medium)
नीरव मोदी मामले में PNB के 2 कार्यकारी निदेशक बर्खास्त (फोटो: DNA)
केंद्र सरकार ने पंजाब नैशनल बैंक (PNB) के दो कार्यकारी निदेशकों- संजीव शरण और के. वीरा ब्रह्माजी राव को भगोड़े हीरा व्यवसायी नीरव मोदी द्वारा किए गए 13,500 करोड़ रुपये के घोटाले मामले में बर्खास्त कर दिया है. पीएनबी ने स्टॉक एक्सचेंजों को इसकी जानकारी दी है. अखिल भारतीय बैंक कर्मचारी संघ (AIBEA) के महासचिव सी. एच. वेंकटचलम ने बताया कि हम दो कार्यकारी निदेशकों को बर्खास्त करने की केंद्र सरकार की कार्रवाई का स्वागत करते हैं. इतने बड़े पैमाने पर घोटाला शीर्ष प्रबंधन की जानकारी के बिना नहीं हो सकता था.
पहली बार सरकारी बैंक के कार्यकारी निदेशकों को सरकार ने किया बर्खास्त
उन्होंने कहा कि शायद पहली बार केंद्र सरकार ने राष्ट्रीयकृत बैंकों (प्रबंधन और विविध प्रावधान) योजना, 1970 के तहत किसी राष्ट्रीयकृत बैंक के कार्यकारी निदेशकों को हटाया है. वेंकटचलम ने कहा, 'यह भी अच्छा है कि केंद्र सरकार ने पीएनबी के दो कार्यकारी निदेशकों को बर्खास्त करने से पहले उन्हें अपने विचार रखने का मौका देने की उचित प्रक्रिया का पालन किया.'
