&format=webp&quality=medium)
अगर आप एसबीआई (SBI) में नया सेविंग अकाउंट खोलने की सोच रहे हैं, तो साधारण खाता लेने के बजाय SBI का Savings Plus Account आपके लिए बेहतर ऑप्शन हो सकता है. क्योंकि इसमें आपको सिर्फ सेविंग अकाउंट वाला ब्याज नहीं मिलता, बल्कि FD वाला ब्याज कमाने का मौका भी मिलता है. लेकिन ज्यादातर लोगों को इस अकाउंट के बारे में जानकारी नहीं है. यहां जानिए इसके तमाम फायदे और फीचर्स.
SBI का Savings Plus Account दरअसल बैंक की Multi Option Deposit (MOD) स्कीम से लिंक होता है. इसमें आपको ऑटो स्वीप (Auto Sweep) की सुविधा मिलती है. यानी जैसे ही आपके खाते में बैलेंस तय लिमिट से ज्यादा होता है, वो अतिरिक्त पैसा अपने आप FD में बदल जाता है. इस FD पर आपको बैंक की फिक्स्ड डिपॉजिट वाली ब्याज दर मिलती है.
इस अकाउंट में 35,000 रुपए न्यूनतम बैलेंस रखना होता है. जैसे ही आपके खाते में ये लिमिट पार होती है, 35,000 रुपए से ऊपर की रकम FD में कन्वर्ट हो जाती है. फिर उस पर FD वाला ब्याज मिलता है. खास बात ये है कि सामान्य FD की तरह इसमें आपका पैसा लॉक नहीं होता, हमेशा लिक्विड रहता है. आप जब चाहें, जितना पैसा अकाउंट से एटीएम या चेक के जरिए निकाल सकते हैं, ठीक उसी तरह जिस तरह से आप सेविंग अकाउंट से पैसा निकालते हैं.
मान लीजिए आपके बैंक अकाउंट में 1,00,000 का बैलेंस है तो उसमें से 35,000 आपके सेविंग अकाउंट में रहेगा और बाकी का 65,000 एफडी में कन्वर्ट हो जाएगा. अब अगर आप सेविंग अकाउंट के 35,000 में से 5,000 रुपए निकालते हैं, तो आपकी FD में से 5,000 निकलकर फिर से सेविंग अकाउंट में चले जाएंगे और उसकी लिमिट को 35,000 में फिर से मेंटेन कर देंगे और शेष 60,000 रुपए पर FD वाला ब्याज मिलता रहेगा.
SBI (MODS) में आप एक साल से लेकर 5 साल तक के लिए पैसा डिपॉजिट कर सकते हैं. साल के हिसाब से ब्याज दरें अलग-अलग हैं. अकाउंट में FD पर वही ब्याज मिलता है जो SBI की 1 से 5 साल के टर्म की FDs पर मिल रहा है. बता दें कि मौजूदा समय में SBI के सामान्य सेविंग अकाउंट में 2.50% ब्याज मिल रहा है, वहीं 1 से 5 साल की FD पर 6.05% से 6.45% के बीच ब्याज दिया जा रहा है. सीनियर सिटीजन्स को: 0.50% एक्स्ट्रा ब्याज मिलता है. अधिक जानकारी के लिए आप बैंक की वेबसाइट या नजदीकी शाखा में संपर्क कर सकते हैं.
इस सुविधा में आपके खाते की तय लिमिट से ज्यादा राशि अपने आप FD में कन्वर्ट हो जाती है.
35,000 रुपए का बैलेंस अनिवार्य होता है.
लगभग 6.05% से 6.45% तक. सीनियर सिटीजन्स को 0.50% अतिरिक्त.
हां, MOD से पैसा आसानी से निकाला जा सकता है. 1000 से 10,000 रुपए के मल्टीपल में.
हां, इंडिविजुअल और जॉइंट दोनों तरीके से खुल सकता है.