&format=webp&quality=medium)
25 और 26 मई को एसबीआई के बैंक कर्मचारियों ने देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है. प्रतीकात्मक फोटो (AI/ChatGPT)
देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) में खाता रखने वाले करोड़ों ग्राहकों के लिए एक बेहद जरूरी और बड़ी खबर है. ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन (AISBISF) ने 25 और 26 मई 2026 (सोमवार और मंगलवार) को देशव्यापी दो दिवसीय बैंक हड़ताल (Bank Strike) का ऐलान किया है.
24 मई को रविवार है और 25-26 को हड़ताल है. इसके बाद 27 और 28 मई को देश के अलग-अलग हिस्सों में बकरीद (Bakrid) की सरकारी छुट्टी भी है. इस संभावित संकट को देखते हुए एसबीआई ने अपने ग्राहकों के लिए एक जरूरी एडवाइजरी जारी की है. आइए जानते हैं बैंक ने क्या कहा है.
मई के इस आखिरी हफ्ते में एसबीआई शाखाओं का कामकाज किस प्रकार प्रभावित रहेगा, उसे नीचे दी गई लिस्ट से आसानी से समझा जा सकता है:
23 मई 2026 (शनिवार): महीने का चौथा शनिवार होने के कारण देश भर के सभी बैंक बंद रहेंगे.
24 मई 2026 (रविवार): साप्ताहिक छुट्टी के कारण पूरे देश में बैंक बंद रहेंगे.
25 मई 2026 (सोमवार): कर्मचारी फेडरेशन की देशव्यापी हड़ताल का पहला दिन (कामकाज प्रभावित रहेगा).
26 मई 2026 (मंगलवार): कर्मचारी फेडरेशन की देशव्यापी हड़ताल का दूसरा दिन (कामकाज प्रभावित रहेगा).
27 मई 2026 (बुधवार): देश के अधिकांश राज्यों में बकरीद (Bakrid) की सरकारी छुट्टी के कारण बैंक बंद रहेंगे.
28 मई 2026 (गुरुवार): जम्मू-कश्मीर और कुछ अन्य विशेष क्षेत्रों में बकरीद के उपलक्ष्य में बैंक बंद रहेंगे.
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट साझा करते हुए अपने ग्राहकों को भरोसा दिलाया है कि वह हड़ताल के दिनों में भी शाखाओं में जरूरी और आवश्यक सेवाओं को सुचारू रूप से चलाने का हर संभव प्रयास कर रहा है. इसके बावजूद ग्राहकों को किसी भी तरह की असुविधा से बचने के लिए बैंक ने की डिजिटल माध्यमों का उपयोग करने की सलाह दी है:
कैश की जरूरतों के लिए: पैसे निकालने या जमा करने के लिए नजदीकी एटीएम (ATMs) और एडीडब्ल्यूएम (ADWMs-ऑटोमैटिक डिपॉजिट कम विथड्रॉल मशीन) का इस्तेमाल करें.
ग्रामीण और कस्बाई इलाकों के लिए: ग्राहक अपने जरूरी कामों के लिए बैंक के अधिकृत ग्राहक सेवा केंद्रों (CSPs-Customer Service Points) पर जा सकते हैं.
ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के लिए: पैसों के लेनदेन, बिल पेमेंट या अन्य बैंकिंग कार्यों के लिए इंटरनेट बैंकिंग, योनो ऐप (YONO), मोबाइल बैंकिंग और यूपीआई (UPI) जैसी डिजिटल सेवाओं का सहारा लें, जो बिना किसी रुकावट के 24 घंटे चालू रहेंगी.

ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन (जो देशभर में बैंक के क्लर्क और अन्य वर्कमेन कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करता है) ने इस हड़ताल के पीछे कई गंभीर चिंताएं और मांगें उठाई हैं:
आउटसोर्सिंग नीति का विरोध: फेडरेशन का आरोप है कि बैंक कई कामों को बाहरी एजेंसियों को सौंप रहा है (Outsourcing). इस नीति के कारण आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों (EWS), ग्रामीण युवाओं, एससी, एसटी, ओबीसी और अन्य पिछड़े समाजों के लिए नियमित सरकारी नौकरी के अवसर कम हो रहे हैं.
सुरक्षा गार्ड्स की कमी: बैंक शाखाओं से पुराने आर्म्ड गार्ड्स (हथियारबंद सुरक्षाकर्मी) रिटायर हो रहे हैं या प्रमोट हो रहे हैं, लेकिन उनकी जगह नई भर्तियां नहीं की जा रही हैं. इससे कर्मचारियों, ग्राहकों और बैंक की संपत्ति की सुरक्षा को लेकर खतरा बढ़ गया है.
NPS में फंड मैनेजर बदलने की आजादी: सरकारी नियमों के अनुसार नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) के तहत कर्मचारियों को अपना पेंशन फंड मैनेजर बदलने की अनुमति है. लेकिन फेडरेशन का दावा है कि एसबीआई कर्मचारियों को अभी भी यह विकल्प नहीं दिया जा रहा है, जिससे उन्हें अन्य सरकारी बैंकों के मुकाबले नुकसान उठाना पड़ रहा है.
अगर आपको चेक क्लियरिंग, लोन डॉक्युमेंटेशन या नया खाता खुलवाने जैसे कामों के लिए बैंक की शाखा में जाना जरूरी है, तो आपको अपनी योजना इस कैलेंडर को देखकर ही बनानी चाहिए. हालांकि डिजिटल बैंकिंग और एटीएम पूरी तरह काम करते रहेंगे, लेकिन लगातार चार से पांच दिनों तक बैंकों के भौतिक रूप से प्रभावित रहने के कारण एटीएम में कैश की किल्लत हो सकती है. इसलिए समझदारी इसी में है कि आप समय रहते अपनी नकदी और जरूरी वित्तीय लेनदेन का इंतजाम पहले ही कर लें.
(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें)