RBI का बड़ा फैसला, विदेशी निवेशकों के लिए खोला ₹16 लाख करोड़ का द्वार, अब देश में बरसेगा पैसा!

भारतीय कर्ज बाजार (Debt Market) में विदेशी निवेश को लेकर RBI ने बड़ा फैसला लिया है. वित्त वर्ष 2026-27 के लिए विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) की निवेश सीमा को बढ़ाकर 16.32 लाख करोड़ रुपये कर दिया गया है. जानें इस फैसले का सरकारी बॉन्ड्स और आपकी इकोनॉमी पर क्या असर होगा.
RBI का बड़ा फैसला, विदेशी निवेशकों के लिए खोला ₹16 लाख करोड़ का द्वार, अब देश में बरसेगा पैसा!

RBI का बड़ा फैसला

भारतीय अर्थव्यवस्था को 'ग्लोबल पावरहाउस' बनाने की दिशा में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने एक और बड़ा कदम उठा लिया है. सोमवार को जारी एक ताजा फैसले में आरबीआई ने विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) के लिए हमारे कर्ज बाजार (Debt Market) की सीमाओं को काफी बढ़ा दिया है. सरल शब्दों में कहें तो अब विदेशी बड़े खिलाड़ी भारत के सरकारी और प्राइवेट बॉन्ड्स में पहले से कहीं ज्यादा पैसा लगा सकेंगे.

वित्त वर्ष 2026-27 के लिए तैयार इस नए ब्लूप्रिंट के अनुसार, निवेश की कुल सीमा को बढ़ाकर ₹16.32 लाख करोड़ कर दिया गया है. दिलचस्प बात यह है कि आरबीआई ने निवेश के 'परसेंटेज' यानी हिस्सेदारी के नियमों को सख्त रखा है, लेकिन भारतीय बॉन्ड मार्केट का दायरा बढ़ने की वजह से निवेश की 'रकम' में भारी इजाफा कर दिया है.

क्या है यह 6%, 2% और 15% का गणित

Add Zee Business as a Preferred Source

आरबीआई ने साफ कर दिया है कि विदेशी निवेशकों के लिए जो पुराने नियम थे, वे वैसे ही रहेंगे. इसे 'जनरल रूट' कहा जाता है. इसमें किसी भी तरह की छेड़छाड़ नहीं की गई है ताकि बाजार में स्थिरता बनी रहे.

  • सरकारी प्रतिभूतियां (G-Secs): इसमें विदेशी निवेशक कुल मार्केट का 6% तक निवेश कर सकते हैं.
  • राज्य सरकार की प्रतिभूतियां (SGSs): राज्यों के बॉन्ड्स में विदेशी हिस्सेदारी 2% तक सीमित रखी गई है.
  • कॉर्पोरेट बॉन्ड्स: निजी और सरकारी कंपनियों के बॉन्ड्स में यह सीमा 15% पर बरकरार है.

आरबीआई का मानना है कि इन सीमाओं को बनाए रखने से विदेशी निवेश तो आता रहेगा, लेकिन हमारी इकोनॉमी पूरी तरह से ग्लोबल फंड्स पर निर्भर नहीं होगी. यह एक तरह का सुरक्षा कवच है.

किश्तों में बढ़ेगी निवेश की लिमिट

निवेश की यह नई सीमा एक झटके में लागू नहीं होगी, बल्कि इसे दो चरणों में बढ़ाया जाएगा. आरबीआई ने इसके लिए एक प्रॉपर टाइमलाइन तैयार की है ताकि बाजार को संभालने का पूरा मौका मिले.

समय (टारगेट पीरियड)कुल निवेश की नई सीमा (Total Limit)
अभी की स्थिति₹14,70,655 करोड़
अप्रैल - सितंबर 2026 तक₹15,51,646 करोड़
अक्टूबर 2026 - मार्च 2027 तक₹16,32,640 करोड़

इस बढ़ोतरी से बाजार में कैपिटल (पूंजी) का फ्लो बढ़ेगा. जब विदेशी पैसा सिस्टम में आता है, तो बॉन्ड मार्केट में लिक्विडिटी यानी नकदी बढ़ जाती है. इससे सरकार को कम ब्याज दरों पर उधार लेने में मदद मिलती है, जिसका फायदा आखिर में देश के विकास कार्यों को होता है.

सरकारी बॉन्ड्स (G-Sec) और राज्यों की उधारी

सरकारी सिक्योरिटीज (G-Secs) वे बॉन्ड्स होते हैं जिन्हें केंद्र सरकार अपना काम चलाने और विकास योजनाओं के लिए पैसा जुटाने के लिए जारी करती है. इसी तरह राज्य सरकारें भी बॉन्ड्स (SGSs) जारी करती हैं. आरबीआई ने इनके लिए जो बदलाव किए हैं, वे इस प्रकार हैं-

G-Sec जनरल कैटेगरी: इसकी लिमिट ₹2,89,488 करोड़ से बढ़कर वित्त वर्ष 2027 की दूसरी छमाही तक ₹3,04,003 करोड़ हो जाएगी.

G-Sec लॉन्ग टर्म: लॉन्ग टर्म के निवेश की सीमा ₹1,58,488 करोड़ से बढ़कर ₹1,73,003 करोड़ कर दी गई है.

राज्यों का हिस्सा (SGS): राज्यों के लिए जनरल लिमिट ₹1,34,744 करोड़ से बढ़ाकर ₹1,57,142 करोड़ की गई है. हालांकि, राज्यों के लिए लॉन्ग टर्म लिमिट ₹7,100 करोड़ पर ही रुकी हुई है.

बंटवारे का नियम: आरबीआई ने केंद्र सरकार के बॉन्ड्स में होने वाली बढ़ोतरी को 'जनरल' और 'लॉग टर्म' कैटेगरी में 50:50 के अनुपात में बांटा है.

कॉर्पोरेट बॉन्ड्स और क्रेडिट डिफॉल्ट स्वैप (CDS)

सिर्फ सरकारी बॉन्ड्स ही नहीं, बल्कि कंपनियों के बॉन्ड्स में भी विदेशी निवेश की लिमिट में बड़ी उछाल देखने को मिली है. यह निजी क्षेत्र के लिए अच्छी खबर है क्योंकि उन्हें अब विदेशी फंड्स तक बेहतर पहुंच मिलेगी.

कॉर्पोरेट बॉन्ड्स की नई लिमिट: यह सीमा ₹8,80,835 करोड़ से बढ़कर ₹9,91,392 करोड़ तक पहुंच जाएगी.

CDS पर नया दांव: आरबीआई ने क्रेडिट डिफॉल्ट स्वैप (CDS) के लिए भी अलग से लिमिट तय की है. यह कॉर्पोरेट बॉन्ड्स के कुल बकाया स्टॉक का 5% होगा. वित्त वर्ष 2027 के लिए इसके लिए ₹3,30,464 करोड़ की अतिरिक्त सीमा तय की गई है.

VRR पर बड़ा फैसला: 1 अप्रैल 2026 से, वॉलंटरी रिटेंशन रूट (VRR) के तहत होने वाले सभी निवेशों पर वही नियम और सीमाएं लागू होंगी जो जनरल रूट के लिए हैं. यह नियमों को सरल बनाने की दिशा में एक कदम है.

आरबीआई ने यह भी स्पष्ट किया है कि कुछ खास सिक्योरिटीज 'फुली एक्सेसिबल रूट' (FAR) के तहत आती रहेंगी. इसका मतलब है कि इन खास बॉन्ड्स में विदेशी निवेशक बिना किसी लिमिट की चिंता किए जितना चाहें उतना निवेश कर सकते हैं.

आर्टिकल से जुड़े महत्वपूर्ण सवाल (FAQs)

Q1 इस बदलाव से आम आदमी को क्या फायदा?

जब विदेशी निवेश बढ़ता है, तो सरकार को सस्ते में कर्ज मिलता है. इससे सरकारी खजाना मजबूत होता है और विकास कार्यों (सड़क, अस्पताल) के लिए ज्यादा पैसा बचता है.

Q2 क्या विदेशी निवेशक अब भारत पर हावी हो जाएंगे?

बिल्कुल नहीं. निवेश की 'रकम' बढ़ी है, लेकिन 'हिस्सेदारी' (जैसे G-Sec में 6%) वैसी ही है. कंट्रोल पूरी तरह भारत के हाथ में रहेगा.

Q3 सरकारी बॉन्ड्स (G-Secs) क्या होते हैं?

यह एक तरह का सरकारी सर्टिफिकेट है. सरकार इसे जारी कर बाजार से उधार लेती है और बदले में निवेशकों को तय ब्याज देती है.

Q4 क्या यह पैसा शेयर बाजार में जाएगा?

नहीं, यह निवेश सिर्फ 'कर्ज बाजार' (Debt Market) यानी बॉन्ड्स के लिए है, जो शेयर बाजार के मुकाबले काफी सुरक्षित माना जाता है.

Q5 यह नया नियम कब से लागू होगा?

यह बदलाव वित्त वर्ष 2026-27 के लिए है. इसकी पहली किस्त अप्रैल 2026 से और दूसरी किस्त अक्टूबर 2026 से प्रभावी होगी.