होम लोन (Home Loan) पूरा करना किसी राहत से कम नहीं होता, लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि आपकी जिम्मेदारी खत्म हो गई. EMI खत्म होने के बाद भी कई जरूरी कदम उठाने होते हैं ताकि आपकी प्रॉपर्टी पर कोई कानूनी या रिकॉर्ड से जुड़ी दिक्कत न आए. चलिए जानते हैं वो 5 अहम स्टेप्स जो हर होम लोन क्लोजर के बाद करने जरूरी हैं.
1/5लोन लेते वक्त आपने अपनी प्रॉपर्टी के सभी मूल दस्तावेज बैंक में जमा किए थे. अब जब लोन खत्म हो गया है, तो सबसे पहले बैंक को एक लिखित रिक्वेस्ट दें कि वो सभी डॉक्यूमेंट वापस करे. इसमें टाइटल डीड, सेल डीड, लोन एग्रीमेंट, पावर ऑफ अटॉर्नी, लिंक डॉक्यूमेंट्स आदि शामिल हैं. नियमों के मुताबिक, लोन क्लोज होने के 15 दिनों के अंदर बैंक को ये डॉक्यूमेंट आपको लौटाने होते हैं.
2/5दूसरा स्टेप है बैंक से नो ड्यूज सर्टिफिकेट (NOC) लेना. ये सर्टिफिकेट ये साबित करता है कि आपका लोन पूरी तरह चुका दिया गया है और बैंक का अब आपकी प्रॉपर्टी पर कोई हक नहीं है. इस सर्टिफिकेट में आपका नाम, लोन अकाउंट नंबर, प्रॉपर्टी का एड्रेस, लोन की राशि और क्लोजिंग डेट जैसी जानकारी जरूर चेक करें.
3/5जब आप होम लोन लेते हैं, तब बैंक आपकी प्रॉपर्टी पर एक ‘Lien’ यानी अधिकार दर्ज कर देता है. लोन पूरा चुकाने के बाद इस Lien को हटाना आपकी जिम्मेदारी होती है. इसके लिए आपको रजिस्ट्रार ऑफिस जाकर NOC और डॉक्यूमेंट्स दिखाने होते हैं. Lien हटने के बाद ही आप प्रॉपर्टी के पूरे और वैध मालिक बनते हैं.
4/5Non-Encumbrance Certificate (NEC) में आपकी प्रॉपर्टी से जुड़ी सभी ट्रांजेक्शन की जानकारी होती है.लोन चलने के दौरान इसमें लोन का रिकॉर्ड रहता है, लेकिन लोन खत्म होने के बाद इसे अपडेट कराना जरूरी है. इसके लिए NOC के साथ सब-रजिस्ट्रार ऑफिस में आवेदन दें ताकि रिकॉर्ड साफ दिखाए कि प्रॉपर्टी पर कोई बकाया या गिरवी नहीं है.
5/5अक्सर बैंक CIBIL को अपडेट करने में देरी कर देते हैं. ऐसे में आपका लोन क्लोजर रिपोर्ट में पेंडिंग दिखता रहता है. इससे बचने के लिए आप खुद CIBIL को NOC और डॉक्यूमेंट्स देकर अपडेट करा सकते हैं. इससे आपका क्रेडिट स्कोर बेहतर होगा और भविष्य में किसी नए लोन के लिए परेशानी नहीं आएगी.