Debt Trap Tips: आज के समय में आपको चाहे घर खरीदना हो, गाड़ी खरीदनी हो या फिर कोई पर्सनल काम के लिए पैसों की जरूरत हो, बैंक से हर तरह के काम के लिए आपको लोन की सुविधा मिल जाती है. लोन के जरिए पैसों का आसानी से इंतजाम हो जाता है और उधारकर्ता को कर्ज की रकम को धीरे-धीरे EMI के जरिए चुकाने की सहूलियत मिल जाती है. लेकिन कई बार लोग इस सुविधा का फायदा उठाते हैं और एक साथ कई लोन ले ले लेते हैं. बाद में जब सभी लोन की EMI चुकानी पड़ती है तब उन्हें दिक्कत होती है. ऐसे में लोन उनके लिए सहूलियत नहीं, मुसीबत बन जाता है. वो कर्ज के जंजाल में कब बुरी तरह से फंस जाते हैं, समझ ही नहीं पाते. अगर आपके साथ भी ऐसा कुछ है तो यहां जानिए वो 5 तरीके जो इस मुश्किल समय में आपकी मदद कर सकते हैं.
1/5पहले ये देखें कि आपने जितने भी लोन लिए हैं, उसमें से सबसे महंगा लोन कौन सा है क्योंकि सबसे ज्यादा EMI भी उसी की होगी. अगर आपने पर्सनल लोन, ऑटो लोन और होम लोन लिया है, तो सबसे ज्यादा ब्याज दर पर्सनल लोन की होगी. ऐसे में पर्सनल लोन सबसे महंगा लोन हुआ. ऐसे लोन को सबसे पहले चुकाएं. महंगे लोन से छुटकारा पाने का एक तरीका ये है कि आप आप सबसे सस्ते लोन पर टॉप अप लेकर ज्यादा इंटरेस्ट वाले लोन को एक साथ भरकर बंद भी करा सकते हैं.
2/5आप चाहें तो लोन सेटलमेंट का विकल्प भी चुन सकते हैं. सेटलमेंट भी उस लोन का पहले कीजिए जो सबसे महंगा हो और आप पर तेजी से कर्ज को बढ़ा रहा हो. लोन सेटलमेंट के दौरान आप अमाउंट को 50 प्रतिशत पर लाने का प्रयास करें. इससे आपको काफी राहत मिल सकती है.
3/5अगर आप नौकरीपेशा हैं तो कंफर्ट जोन से बाहर निकलिए और अपनी इनकम को बढ़ाने के लिए कोई दूसरी नौकरी में स्विच कीजिए. या फिर एक्सट्रा कोई और काम कीजिए जिससे आपकी इनकम बढ़े. इनकम बढ़ाकर भी आप अपने कर्ज के बोझ को कम कर सकते हैं.
4/5पुराने समय से लोग घरों में गोल्ड इसीलिए जमा करते रहे हैं, ताकि मुश्किल समय में ये लोन काम आ सके. अगर आप बुरी तरह से कर्ज में फंसे हैं तो गोल्ड को बेचकर उससे कर्ज की भरपाई कर सकते हैं या कर्ज के बोझ को कम कर सकते हैं. इसके अलावा आप अपने बजट को रिस्ट्रक्चर कर गैर-जरूरी खर्चों को उसमें से हटाते हैं तो उस रकम का इस्तेमाल आप प्री-पेमेंट के लिए कर सकते हैं.
5/5कर्ज के जाल में फंसने के बाद कहीं बाहर से दूसरा कर्ज लेकर अपने लिए नई मुसीबत खड़ी न करें. इससे आप नए कर्ज में फंस जाएंगे. अगर आपके पास किसी तरह की प्रॉपर्टी है, तो वो आपके काम आ सकती है. आप उसे गिरवी रखकर या बेचकर आप बड़े कर्ज के बोझ को उतार सकते हैं. प्रॉपर्टी को बचाने के चक्कर में कर्ज मत बढ़ाइए वरना आपके लिए मुश्किल पैदा होगी.