&format=webp&quality=medium)
Indusind Bank, RBI Penalty: भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने जमाराशि पर ब्याज दर से संबंधित मानदंडों के कुछ प्रावधानों का पालन न करने पर इंडसइंड बैंक पर 27.30 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है. केंद्रीय बैंक ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. आरबीआई ने 31 मार्च 2023 तक बैंक की आर्थिक हालत की जांच की थी. इस जांच के बाद आरबीआई ने बैंक को एक नोटिस भेजा. इंडसइंड बैंक के जवाब और दूसरी जानकारियों को देखने के बाद आरबीआई ने पाया कि बैंक ने कुछ ऐसे लोगों के नाम पर बचत खाते खोले थे जो खाता खोलने के योग्य नहीं थे.
आरबीआई के मुताबिक इस गलती के लिए बैंक पर जुर्माना लगाया जाना जरूरी है. हालांकि, आरबीआई ने कहा कि जुर्माना नियमों का पालन में कमियों पर आधारित है और इसका उद्देश्य इंडसइंड बैंक द्वारा अपने ग्राहकों के साथ किए गए किसी भी लेनदेन या समझौते की वैधता पर सवाल उठाना नहीं है. वहीं, एक अन्य मामले में, केंद्रीय बैंक ने KYC मानदंडों के कुछ प्रावधानों का अनुपालन न करने पर मणप्पुरम फाइनेंस पर 20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है.
आरबीआई ने कहा कि 31 मार्च, 2023 तक की वित्तीय स्थिति के संदर्भ में एनबीएफसी (गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी) का वैधानिक निरीक्षण किया गया और कंपनी को नोटिस जारी किया गया. नोटिस पर मणप्पुरम फाइनेंस के जवाब पर विचार करने के बाद आरबीआई ने कहा कि कंपनी, ग्राहक बनाते समय, पैन कार्ड जारी करने वाले अधिकारी (जैसे आयकर विभाग) की सत्यापन सुविधा से ग्राहकों के पैन कार्ड की जांच करने में नाकाम रही है.
शुक्रवार को कारोबारी सत्र का दौरान इंडसइंड बैंक का शेयर 3.53% या 34.05 अंक टूटकर 930 रुपए पर बंद हुआ है.NSE पर 3.47 % या 33.50 अंक की गिरावट के साथ 930.90 रुपए पर बंद हुआ है. कंपनी का 52 वीक हाई 1,694.50 रुपए और 52 वीक लो 926.45 रुपए है. इस साल कंपनी का शेयर 41.78% तक गिर चुका है. इसमें पिछले छह महीने में शेयर 39.07% टूट चुका है. सालभर में -40.18% रिटर्न दिया है. कंपनी का मार्केट कैप 72.48 हजार करोड़ रुपए है.