&format=webp&quality=medium)
अचानक पैसों की ज़रूरत किसी को भी पड़ सकती है. ऐसे में ज़्यादातर लोग पर्सनल लोन की ओर देखते हैं. ये आसानी से मिल तो जाता है, लेकिन इसकी ऊंची ब्याज दरें और छोटी अवधि जेब पर भारी पड़ती हैं. लेकिन क्या आपको पता है कि अगर आपके नाम पर पहले से होम लोन चल रहा है, तो आपके पास एक ऐसा 'स्मार्ट जुगाड़' है, जो पर्सनल लोन से कहीं ज़्यादा सस्ता और फ़ायदेमंद है? हम बात कर रहे हैं होम लोन टॉप-अप की. ये आपके मौजूदा होम लोन पर मिलने वाला एक अतिरिक्त लोन है, जो आपकी पैसों की ज़रूरत को पूरा करता है और आपको महंगी EMI के बोझ से भी बचाता है.
होम लोन टॉप-अप का मतलब है अपने चल रहे होम लोन के ऊपर और पैसा उधार लेना. मान लीजिए आपका 40 लाख का होम लोन चल रहा है और आप कुछ साल से उसकी EMI समय पर चुका रहे हैं. अब आपको घर के रेनोवेशन या बच्चे की शादी के लिए 5 लाख रुपये की और ज़रूरत है. ऐसे में, आप अपने बैंक से मौजूदा होम लोन पर ही 5 लाख रुपये का टॉप-अप ले सकते हैं. ये एक तरह से आपके होम लोन की लिमिट बढ़ाने जैसा है.
होम लोन टॉप-अप भी एक तरह का पर्सनल लोन ही है, लेकिन ये आपके होम लोन से जुड़ा होता है. आपकी प्रॉपर्टी बैंक के पास पहले से गिरवी होती है, इसलिए बैंक इसे कम जोखिम वाला मानता है और बहुत सस्ती ब्याज दरों पर देता है. आपके टॉप-अप लोन की अवधि भी होम लोन पर निर्भर करती है. चूंकि होम लोन अक्सर लंबे समय के होते हैं, ऐसे में आपको टॉप-अप लोन चुकाने के लिए भी लंबी अवधि मिल जाती है. लंबी अवधि होने पर EMI बहुत बड़ी नहीं बनती, जिससे आप आसानी से लोन चुका सकते हैं.
पर्सनल लोन की तरह ही आप टॉप-अप लोन से मिले पैसों का इस्तेमाल कहीं भी कर सकते हैं जैसे- घर का रेनोवेशन, बच्चों की पढ़ाई, शादी, मेडिकल इमरजेंसी या बिज़नेस की ज़रूरतें.
अगर आप इस पैसे का इस्तेमाल घर की मरम्मत, रेनोवेशन या नए निर्माण के लिए करते हैं, तो आप इनकम टैक्स की धारा 24(b) के तहत ब्याज पर और धारा 80C के तहत मूलधन पर टैक्स छूट का दावा कर सकते हैं.
आपका होम लोन पहले से उसी बैंक में चल रहा होता है, इसलिए बैंक के पास आपके सारे दस्तावेज़ मौजूद होते हैं. इससे टॉप-अप लोन की प्रक्रिया बहुत तेज़ और आसान हो जाती है. आपको बहुत ज़्यादा पेपरवर्क की ज़रूरत नहीं पड़ती.
आपको इस लोन के लिए अलग से कुछ भी गिरवी रखने की ज़रूरत नहीं पड़ती, क्योंकि ये आपके मौजूदा होम लोन पर ही दिया जाता है.
जिस बैंक से आपका होम लोन चल रहा है, उसकी शाखा में जाएं या ऑनलाइन पोर्टल पर टॉप-अप लोन के लिए आवेदन करें. आपको बताना होगा कि आप ये लोन किसलिए ले रहे हैं. टॉप-अप लोन के लिए बैंक आपसे कुछ बेसिक KYC और आय से जुड़े दस्तावेज़ मांग सकता है. बैंक आपके रिकॉर्ड और प्रॉपर्टी वैल्यू को जांचने के बाद लोन अप्रूव कर देगा और रकम आपके खाते में ट्रांसफर कर दी जाएगी.