&format=webp&quality=medium)
होम लोन की आखिरी EMI कटते ही ज्यादातर लोग राहत की सांस लेते हैं. लगता है कि अब सारी जिम्मेदारी खत्म हो गई. लेकिन सच्चाई ये है कि लोन चुकाने के बाद भी कुछ जरूरी कानूनी और रिकॉर्ड से जुड़े काम बाकी रहते हैं. जिस तर होम लोन लेते समय जैसे एक चेकलिस्ट जरूरी होती है, ठीक वैसे ही होम लोन बंद करते समय भी एक पूरी और साफ चेकलिस्ट होना बहुत जरूरी है. यहां जानिए वो 5 जरूरी काम हो होम लोन क्लोज होने के बाद हर हाल में कर लेने चाहिए, तभी आप सही मायने में अपनी प्रॉपर्टी के मालिक कहलाएंगे.
होम लोन लेते वक्त बैंक आपकी प्रॉपर्टी से जुड़े सभी ओरिजिनल डॉक्यूमेंट अपने पास रख लेता है. जैसे टाइटल डीड, सेल डीड, लोन एग्रीमेंट, पावर ऑफ अटॉर्नी और लिंक डॉक्यूमेंट्स. लोन खत्म होने के बाद सबसे पहला काम ये होना चाहिए कि आप बैंक को लिखित में रिक्वेस्ट दें और सारे ओरिजिनल डॉक्यूमेंट वापस लें. नियमों के मुताबिक, लोन क्लोज होने के 15 दिनों के भीतर बैंक को ये डॉक्यूमेंट लौटाने होते हैं. डॉक्यूमेंट लेते वक्त ये जरूर चेक करें कि कोई पेज मिसिंग या डैमेज तो नहीं है.
नो ड्यूज सर्टिफिकेट यानी NOC ये साबित करता है कि आपने बैंक का पूरा लोन चुका दिया है और अब बैंक का आपकी प्रॉपर्टी पर कोई अधिकार नहीं है. NOC में आपका नाम, लोन अकाउंट नंबर, प्रॉपर्टी का पता, लोन अमाउंट और क्लोजिंग डेट सही-सही लिखी होनी चाहिए. आगे चलकर यही डॉक्यूमेंट सबसे बड़ा सबूत बनता है कि लोन पूरी तरह खत्म हो चुका है.
होम लोन के दौरान बैंक आपकी प्रॉपर्टी पर ‘Lien’ दर्ज कर देता है, मतलब प्रॉपर्टी बैंक के पास गिरवी रहती है.लोन चुकाने के बाद ये Lien अपने आप नहीं हटता. इसके लिए आपको सब-रजिस्ट्रार ऑफिस जाना पड़ता है और वहां NOC और जरूरी डॉक्यूमेंट जमा करने होते हैं. जब तक Lien नहीं हटता, तब तक आप कानूनी तौर पर प्रॉपर्टी के फुल ओनर नहीं माने जाते.
Non-Encumbrance Certificate यानी NEC में आपकी प्रॉपर्टी से जुड़ा पूरा वित्तीय रिकॉर्ड होता है. लोन के दौरान इसमें बैंक का चार्ज दिखता है. लोन खत्म होने के बाद NEC अपडेट कराना जरूरी है ताकि रिकॉर्ड में साफ दिखे कि अब प्रॉपर्टी पर कोई कर्ज या गिरवी नहीं है. इसके लिए NOC के साथ सब-रजिस्ट्रार ऑफिस में आवेदन देना होता है.
कई बार बैंक CIBIL या क्रेडिट ब्यूरो को लोन क्लोजर की जानकारी अपडेट करने में देरी कर देते हैं. ऐसे में आपकी रिपोर्ट में लोन चालू दिखता रहता है, जिससे क्रेडिट स्कोर पर असर पड़ता है. इससे बचने के लिए आप खुद CIBIL वेबसाइट पर जाकर NOC और लोन क्लोजर से जुड़े डॉक्यूमेंट अपलोड करके अपडेट रिक्वेस्ट डाल सकते हैं. इससे आपका क्रेडिट स्कोर मजबूत रहेगा और भविष्य में नया लोन लेने में परेशानी नहीं आएगी.
Q1. Home Loan खत्म होने के कितने दिन में बैंक डॉक्यूमेंट लौटाता है?
नियमों के मुताबिक, लोन क्लोज होने के 15 दिनों के भीतर बैंक को ओरिजिनल डॉक्यूमेंट लौटाने होते हैं.
Q2. क्या NOC लेना जरूरी है?
हां, NOC सबसे अहम डॉक्यूमेंट है. इसके बिना आप ये साबित नहीं कर सकते कि लोन पूरी तरह चुका दिया गया है.
Q3. Lien अपने आप हट जाता है क्या?
नहीं, Lien हटवाने के लिए आपको खुद रजिस्ट्रार ऑफिस में प्रक्रिया पूरी करनी होती है.
Q4. CIBIL स्कोर अपडेट न हुआ तो क्या नुकसान होगा?
अगर लोन क्लोज होने के बाद भी रिपोर्ट में एक्टिव दिखता है, तो आपका क्रेडिट स्कोर गिर सकता है और नया लोन मिलने में दिक्कत आ सकती है.
Q5. NEC अपडेट कराना क्यों जरूरी है?
NEC अपडेट होने से सरकारी रिकॉर्ड में साफ दिखता है कि प्रॉपर्टी पर कोई बकाया या गिरवी नहीं है.