&format=webp&quality=medium)
फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) आज भी भारत में निवेश का सबसे पसंदीदा और सुरक्षित विकल्प माना जाता है. इसमें आपको गारंटीड रिटर्न मिलता है और बाज़ार के उतार-चढ़ाव का कोई जोखिम नहीं होता. लेकिन FD की एक बड़ी समस्या है जो कई निवेशकों को परेशान करती है - लिक्विडिटी की कमी. यानी आपका पैसा एक निश्चित समय के लिए लॉक हो जाता है. अगर इस बीच ब्याज़ दरें बढ़ जाएं तो आप उसका फायदा नहीं उठा पाते और अगर अचानक पैसों की ज़रूरत पड़ जाए तो FD तुड़वाने पर पेनल्टी लगती है.
लेकिन क्या हो अगर आपको एक ऐसी स्मार्ट तकनीक पता चले जो FD के इन दोनों बड़े नुकसानों को खत्म कर दे. फिक्स्ड डिपॉजिट की इस स्मार्ट तकनीक का नाम है 'FD लैडरिंग'. फाइनेंशियल प्लानर्स इसे 'रिटर्न मशीन' भी कहते हैं क्योंकि ये न सिर्फ आपको हर साल कैश इन-हैंड देती है, बल्कि आपको बढ़ती ब्याज़ दरों का फायदा उठाने का मौका भी देती है. आइए, इस शानदार तकनीक को आसान भाषा में समझते हैं.
जैसा कि नाम से ही ज़ाहिर है, 'लैडर' यानी 'सीढ़ी'. FD लैडरिंग का मतलब है कि आप अपना सारा पैसा एक ही FD में एक ही समय के लिए निवेश करने के बजाय, उसे छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर अलग-अलग मैच्योरिटी पीरियड वाली FDs में निवेश करते हैं.
ये ठीक एक सीढ़ी बनाने जैसा है, जिसका हर पायदान आपकी एक FD है. इससे एक ऐसी व्यवस्था बन जाती है, जहां आपकी कोई न कोई FD हर साल या हर कुछ महीनों में मैच्योर होती रहती है.
मान लीजिए आपके पास निवेश करने के लिए 5 लाख रुपये हैं. अब आपके पास दो रास्ते हैं.
आपने पूरे 5 लाख रुपये की एक FD 5 साल के लिए कर दी, मान लीजिए कि उस पर 7.5% की ब्याज़ दर के साथ प्रॉफिट मिलेगा. लेकिन समस्या ये है कि अब आपका पैसा 5 साल के लिए ब्लॉक हो गया. आप इसे 5 साल से पहले तुड़वा तो सकते हैं, लेकिन फिर आप ब्याज का पूरा फायदा नहीं उठा पाएंगे. आपको इसके लिए पेनल्टी देनी पड़ेगी.
1 साल बाद: आपकी पहली FD (1 लाख वाली) मैच्योर हो जाएगी. अब आपके हाथ में कैश है. आप इस पैसे को निकालकर इस्तेमाल कर सकते हैं या फिर इसे दोबारा सबसे लंबी अवधि यानी 5 साल के लिए फिर से निवेश कर सकते हैं ताकि आपको उस समय की सबसे ऊंची ब्याज़ दर (मान लीजिए 7.5%) मिले.
2 साल बाद: आपकी दूसरी FD (जो 2 साल के लिए थी) मैच्योर होगी. आप फिर से वही प्रक्रिया दोहराएंगे और उस पैसे को 5 साल के लिए निवेश कर देंगे.
3, 4 और 5 साल बाद तक यही क्रम चलता रहेगा. अब चूंकि आप हर एफडी को अगले 5 साल के लिए फिर निवेश कर रहे हैं, ऐसे में आपकी सभी 1-1 लाख की FDs पांच साल की अवधि वाली होंगी और उन पर आपको अच्छा खासा ब्याज भी मिल रहा होगा और आगे भी वो एफडी हर साल एक-एक करके मैच्योर होती रहेंगीं. इससे आपके पास हर साल कैश आता रहेगा.
ये सबसे बड़ा फायदा है. आपको अचानक पैसे की ज़रूरत पड़ने पर पूरी FD तुड़वाने की ज़रूरत नहीं है क्योंकि आपकी कोई न कोई FD हर साल मैच्योर हो रही है, आपको नियमित अंतराल पर पैसा मिलता रहता है.
FD लैडरिंग आपको ब्याज़ दरों के घटने और बढ़ने, दोनों के जोखिम से बचाती है. अगर ब्याज़ दरें बढ़ती हैं: तो जैसे-जैसे आपकी पुरानी FD मैच्योर होगी, आप उसे नई और बढ़ी हुई ब्याज़ दर पर दोबारा निवेश करके फायदा उठा सकते हैं. अगर ब्याज़ दरें घटती हैं तो भी आपका सारा पैसा कम ब्याज़ दर पर नहीं फंसेगा, क्योंकि आपकी कुछ FDs पहले से ही पुरानी और ऊंची ब्याज़ दरों पर लॉक हैं.
चूंकि आप हर मैच्योरिटी पर पैसे को लंबी अवधि (जैसे 5 साल) के लिए दोबारा निवेश करते हैं, आपको हमेशा लंबी अवधि की FD पर मिलने वाली सबसे ऊंची ब्याज़ दर का लाभ मिलता है. समय के साथ ये आपके कुल रिटर्न को औसत रूप से बेहतर बनाता है.
ये तकनीक आप में एक वित्तीय अनुशासन लाती है. साथ ही, ये जानकर कि आपके पास नियमित कैश फ्लो है और आप ब्याज़ दरों के उतार-चढ़ाव से काफी हद तक सुरक्षित हैं, आपको मानसिक शांति मिलती है.
FD लैडरिंग लगभग हर तरह के निवेशक के लिए फायदेमंद है, लेकिन कुछ लोगों के लिए ये विशेष रूप से उपयोगी है:
रिटायर्ड लोग: जिन्हें अपने महीने के खर्चों के लिए नियमित आय की ज़रूरत होती है. वो इस तकनीक से बिना अपनी मूल पूंजी को छेड़े, हर साल ब्याज़ से कमाई कर सकते हैं.
माता-पिता: जिन्हें बच्चों के स्कूल की सालाना फीस या कॉलेज के खर्चों जैसे नियमित लक्ष्यों के लिए पैसों की ज़रूरत होती है.
जोखिम न लेने वाले निवेशक: जो शेयर बाज़ार से दूर रहना चाहते हैं, लेकिन FD में भी लिक्विडिटी और बेहतर रिटर्न चाहते हैं.
वेतनभोगी लोग: जो अपनी बचत को इस तरह निवेश करना चाहते हैं कि उन्हें हर साल छुट्टी पर जाने या कोई बड़ी खरीदारी करने के लिए एकमुश्त रकम मिलती रहे.
FD लैडरिंग एक तरीका है जिसमें आप अपनी निवेश राशि को एक FD में न डालकर, उसे अलग-अलग मैच्योरिटी वाली कई FDs में बांट देते हैं. इससे आपको नियमित अंतराल पर पैसा मिलता रहता है.
इसके दो सबसे बड़े फायदे हैं - पहला, आपको हर साल कैश मिलता है (लिक्विडिटी) और दूसरा, आप ब्याज़ दरों के उतार-चढ़ाव के जोखिम से बच जाते हैं.
ये आपके लक्ष्य पर निर्भर करता है, लेकिन आमतौर पर 3 से 5 FDs की एक सीढ़ी बनाना एक अच्छी शुरुआत मानी जाती है. आप चाहें तो 1 साल, 2 साल, 3 साल, 4 साल और 5 साल की FDs बना सकते हैं.
हां, अगर आपको लिक्विडिटी और फ्लेक्सिबिलिटी चाहिए तो लैडरिंग एक बेहतर विकल्प है. ये आपको बदलते ब्याज़ दरों का फायदा उठाने का मौका देती है, जो एक सिंगल FD में लॉक हो जाता है.