&format=webp&quality=medium)
आज के समय में लोगों के पास क्रेडिट कार्ड और डेबिट कार्ड दोनों मौजूद होते हैं. तमाम लोग क्रेडिट कार्ड को फायदे का सौदा बताते हैं, वहीं एक पक्ष ऐसा भी है जो इसके इस्तेमाल के खिलाफ है. वास्तव में क्रेडिट कार्ड और डेबिट कार्ड दोनों की अपनी-अपनी जरूरतें हैं और अलग-अलग फायदे और नुकसान हैं, इनके इस्तेमाल से पहले फायदे-नुकसान को समझना जरूरी है. खासकर क्रेडिट कार्ड के मामले में, क्योंकि इससे की गई छोटी सी चूक बड़ा नुकसान करवा सकती है.
जैसे अगर आप डेबिट कार्ड की तरह क्रेडिट कार्ड से कैश ट्रांजैक्शन करते हैं, तो अपना बड़ा नुकसान करवा सकते हैं क्योंकि इसके बदले आपको अच्छा खासा चार्ज बैंक को देना पड़ता है. आपके लिए कब क्रेडिट कार्ड और कब डेबिट कार्ड का इस्तेमाल करना फायदेमंद है? यहां इनके फायदे-नुकसान को समझिए, फिर खुद फैसला कीजिए.
जब आप बैंक में अकाउंट ओपन कराते हैं तो आपको पासबुक और चेकबुक के साथ ATM Card यानी Debit Card भी दिया जाता है. डेबिट कार्ड सीधे आपके बैंक खाते से जुड़ा होता है. आप इस कार्ड से पैसे निकाल सकते हैं, ऑनलाइन खरीदारी, ऑनलाइन पेमेंट कर सकते हैं. लेकिन इसके लिए आपके अकाउंट में पैसे होना जरूरी हैं क्योंकि जब भी आप इससे भुगतान करते हैं, पैसा सीधे आपके खाते से कटता है.
डेबिट कार्ड की तरह क्रेडिट कार्ड आपको बैंक अकाउंट खुलवाते समय नहीं दिया जाता, ये आपको बाद में बैंक की तरफ से आपकी सहमति पर दिया जाता है. जब आपके अकाउंट में पैसे न हों, तब आप क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करके ऑनलाइन खरीदारी, ऑनलाइन पेमेंट वगैरह कर सकते हैं. हालांकि क्रेडिट कार्ड से एक लिमिट में ही पैसा खर्च किया जा सकता है. आप कार्ड की लिमिट से ज्यादा पैसा खर्च नहीं कर सकते. क्रेडिट कार्ड से खर्च की गई राशि एक लोन के तौर पर आपको मिलती है, जिसे एक निश्चित ग्रेस पीरियड में लौटाना होता है. अगर ग्रेस पीरियड में आप रकम वापस नहीं कर पाए तो आपके द्वारा खर्च की गई रकम पर ब्याज वसूला जाता है.
क्रेडिट कार्ड और डेबिट कार्ड दोनों के अपने फायदे और नुकसान हैं. इनका इस्तेमाल आप अपनी जरूरत के हिसाब से कर सकते हैं. अगर आप फिजूल खर्च को कंट्रोल करना चाहते हैं तो डेबिट कार्ड का इस्तेमाल करना बेहतर है. वहीं अगर रिवॉर्ड पॉइंट्स, डिस्काउंट्स वगैरह का फायदा लेना चाहते हैं या अपना क्रेडिट स्कोर बढ़ाना चाहते हैं तो क्रेडिट कार्ड मददगार हो सकता है. आपको अपनी समझ से इनका इस्तेमाल करना चाहिए.