&format=webp&quality=medium)
Banks Holiday In January 2024: अगर आपका बैंक से जुड़ा कोई काम है, तो कोशिश कीजिए कि उस काम को इसी हफ्ते में निपटा लें क्योंकि अगला सप्ताह छुट्टियों के लिहाज से बेहद खास होने वाला है. इस हफ्ते में बैंक में छुट्टियों (Bank Holidays Next Week) की भरमार है. दरअसल 22 जनवरी को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा है, इसके बाद गणतंत्र दिवस भी उस सप्ताह में पड़ेगा. ऐसे में तमाम जगहों पर बैंकों में सिर्फ दो से तीन दिन ही काम होगा. यहां जान लीजिए अगले हफ्ते की छुट्टियों की डीटेल्स ताकि आपका कोई काम बीच में न अटके.
22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम काफी भव्य रूप में आयोजित किया जा रहा है. ऐसे में यूपी सरकार की ओर से उद्घाटन वाले दिन सभी संस्थानों में अवकाश की घोषणा (Bank Holidays On Ram Mandir Inauguration Day) की गई है. ऐसे में उत्तर प्रदेश में किसी भी बैंक में 22 जनवरी को काम नहीं होगा. हालांकि ये बात समझ लें कि 22 जनवरी को बैंक सिर्फ उत्तर प्रदेश में बंद हैं, बाकी जगहों पर बैंक खुलेंगे और काम भी होते रहेंगे. आप अगर यूपी के निवासी हैं, तो 22 दिसंबर का बैंक से जुड़ा कोई भी काम या तो पहले निपटा लें या 22 जनवरी के बाद पूरा करें.
जनवरी के महीने का आखिरी लॉन्ग वीकेंड भी अगले हफ्ते में ही पड़ने वाला है. आने वाले सप्ताह में 26 जनवरी शुक्रवार को गणतंत्र दिवस की छुट्टी रहेगी. इसके बाद शनिवार को महीने का चौथा शनिवार होने के कारण देश भर के बैंकों में अवकाश रहेगा और रविवार को भी बैंक बंद रहेंगे. ऐसे में लगातार तीन दिनों तक देशभर में बैंकों में कामकाज नहीं होगा. वहीं यूपी की बात करें तो वहां 5 दिनों तक बैंकों में काम नहीं होगा क्योंकि 25 जनवरी को वहां हजरत अली का जन्मदिन के मौके पर वहां अवकाश रहेगा. लिहाजा जो भी काम हैं, वो 23 और 24 जनवरी में ही निपटाने होंगे.