&format=webp&quality=medium)
अगर आप बैंक एफडी में निवेश कर रहे हैं और सुरक्षित रिटर्न की तलाश में हैं, तो कॉरपोरेट एफडी आपके लिए एक शानदार विकल्प हो सकती है. वर्तमान में देश का सबसे बड़ा सरकारी बैंक एसबीआई 6.5% तक का अधिकतम ब्याज दे रहा है. वहीं दूसरी ओर, कुछ कॉरपोरेट एफडी स्कीमें 8.80% तक का सालाना ब्याज ऑफर कर रही हैं, जो बैंक एफडी की तुलना में कहीं बेहतर रिटर्न देती हैं.
कॉरपोरेट एफडी एक तरह की टर्म डिपॉजिट होती है, जिसे गैर-बैंकिंग वित्तीय संस्थान (NBFC) या हाउसिंग फाइनेंस कंपनियां पूंजी जुटाने के लिए जारी करती हैं. इसमें निवेश पर एक निश्चित दर से ब्याज मिलता है, जैसा कि बैंक एफडी में होता है. फर्क सिर्फ इतना है कि यह डिपॉजिट किसी बैंक में नहीं, बल्कि कंपनी में किया जाता है.
फिलहाल श्रीराम फाइनेंस की एफडी बाजार में सबसे ज्यादा ब्याज दे रही है. कंपनी 1 से 5 साल की अवधि के लिए 7.59% से 8.80% तक सालाना ब्याज ऑफर कर रही है. सीनियर सिटीजन को 0.5% और महिलाओं को 0.1% अतिरिक्त ब्याज भी मिल रहा है. यानी 5 साल की एफडी पर एक वरिष्ठ नागरिक को 9.45% तक का रिटर्न मिल सकता है.
इसके अलावा एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस 6.80% से 7.50%, पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस 6.79% से 7.70% और आईसीआईसीआई होम फाइनेंस 6.80% से 7.60% ब्याज दे रही हैं. जबकि एसबीआई की एफडी पर यह दरें केवल 3.50% से 7.00% के बीच हैं.
हालांकि कॉरपोरेट एफडी का रिटर्न बैंक एफडी से ज्यादा होता है, लेकिन इसमें थोड़ा ज्यादा जोखिम भी होता है क्योंकि ये डिपॉजिट कंपनियों में किए जाते हैं, जिनकी क्रेडिट रेटिंग पर रिटर्न निर्भर करता है. इसलिए निवेश से पहले कंपनी की क्रेडिट रेटिंग जरूर जांचें.