&format=webp&quality=medium)
Thiruvananthapuram Airport: त्रिवेंद्रम इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Thiruvananthapuram International Airport) से 11 अप्रैल को उड़ान सेवाएं अस्थायी रूप से शाम 4:45 बजे से रात 9 बजे तक के लिए बंद रहेंगी. एयरपोर्ट प्रबंधन (TIAL) ने मंगलवार को जानकारी दी कि यह फैसला भगवान श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर के पवित्र 'पैनकुनी आरट्टू' जुलूस के सुचारू संचालन के लिए लिया गया है, जो रनवे से होकर गुजरता है.
एयरपोर्ट ने कहा कि यात्रियों को किसी असुविधा से बचाने के लिए फ्लाइट्स के अपडेटेड समय संबंधित एयरलाइंस के पास उपलब्ध हैं. एयरपोर्ट रनवे साल में दो बार बंद किया जाता है ताकि पारंपरिक मंदिर जुलूस को रास्ता दिया जा सके, जो शंगुमुघम बीच तक भगवान के मूर्तियों को स्नान के लिए ले जाने की परंपरा से जुड़ा है.
यह परंपरा 1932 में एयरपोर्ट की स्थापना के बाद से अब तक जारी है. इतिहासकारों के अनुसार, उस समय त्रावणकोर के राजा श्री चित्रा तिरुनाल बालाराम वर्मा ने स्पष्ट रूप से कहा था कि एयरपोर्ट साल में 363 दिन आम जनता के लिए खुलेगा और दो दिन भगवान पद्मनाभ के लिए आरक्षित रहेगा.
इसी परंपरा को निभाते हुए हर साल दो बार-अक्टूबर-नवंबर (अल्पासी महोत्सव) और मार्च-अप्रैल (पैनकुनी महोत्सव) के दौरान रनवे बंद किया जाता है. इसके लिए एयरपोर्ट NOTAM (Notice to Airmen) भी जारी करता है.
‘पैनकुनी आरट्टू’ श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर की एक शताब्दियों पुरानी धार्मिक परंपरा है, जिसमें मंदिर के मुख्य देवताओं की मूर्तियों को शोभायात्रा के रूप में ले जाकर समुद्र स्नान कराया जाता है. यह यात्रा मंदिर से शुरू होकर रनवे पार करते हुए शंगुमुघम बीच तक जाती है.