&format=webp&quality=medium)
SpiceJet Maha kumbh Flights: महाकुंभ 2025 में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और प्रयागराज के लिए पैसेंजर्स की भारी मांग को देखते हुए SpiceJet ने महाकुंभ के लिए स्पेशल फ्लाइट का ऐलान किया है. एयरलाइन ने पैसेंजर्स की सुविधा के लिए गुवाहाटी, चेन्नई और हैदराबाद से नई डायरेक्ट फ्लाइट को उड़ाने का ऐलान किया है. इसके साथ ही SpiceJet ने दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, जयपुर और बेंगलुरु से प्रयागराज के लिए भी अपनी डेली फ्लाइट सर्विस को बढ़ाने का भी ऐलान किया है.
SpiceJet चेन्नई और हैदराबाद के लिए अपनी डायरेक्ट फ्लाइट सर्विस को 1 फरवरी से 27 फरवरी, 2025 तक ऑपरेट करेगी. जबकि, गुवाहाटी से अपनी सर्विस 11 फरवरी से 28 फरवरी, 2025 तक चलाने वाली है.
स्पाइसजेट के चीफ बिजनेस ऑफिसर, देबोजो महार्षि ने कहा, "स्पाइसजेट महाकुंभ के लिए प्रयागराज जाने वाले यात्रियों को सहज और सुविधाजनक यात्रा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है. गुवाहाटी, चेन्नई और हैदराबाद से सीधी उड़ानों और दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, जयपुर और बेंगलुरु से बढ़ी हुई सेवाओं के साथ, हमारा उद्देश्य देशभर के श्रद्धालुओं के लिए यात्रा को सुविधाजनक और सुलभ बनाना है. इस अनोखे आयोजन में लॉजिस्टिक जरूरतों को पूरा करने में योगदान देकर हमें खुशी हो रही है."
स्पाइसजेट ने बताया कि इन सभी फ्लाइट का समय इस हिसाब से रखा गया है कि श्रद्धालुओं को सबसे बेहतर एक्सपीरिएंस मिले. महाकुंभ मेला दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन है, जिसमें तपस्वी, संत, साधु, साध्वी और विभिन्न वर्गों के श्रद्धालु बड़ी संख्या में भाग लेते हैं.