&format=webp&quality=medium)
SpiceJet की बुधवार को गोवा से पुणे जाने वाली फ्लाइट में उस समय हड़कंप मच गया जब एक पैसेंजर ने हवा में उड़ान के दौरान विंडो फ्रेम के ढीले होकर गिरने का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया. हालांकि एयरलाइन ने स्पष्ट किया है कि यह विंडो फ्रेम केवल कॉस्मेटिक (सजावटी) था और इससे फ्लाइट की संरचनात्मक सुरक्षा या यात्री की जान को कोई खतरा नहीं था.
SpiceJet की Q400 विमान जब गोवा से पुणे की ओर उड़ान भर रही थी, तभी फ्लाइट के भीतर एक पैसेंजर ने देखा कि एक इंटीरियर विंडो फ्रेम ढीला होकर निकल गया है. उसने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किया और इस घटना को DGCA (नागर विमानन महानिदेशालय) को टैग करते हुए विमान की एयरवर्थीनेस (उड़ने लायक स्थिति) पर सवाल खड़े किए.
यात्री ने लिखा, “स्पाइसजेट की फ्लाइट गोवा से पुणे. पूरा विंडो असेंबली मिड-फ्लाइट गिर गया. अब ये विमान जयपुर जाने वाला है. क्या ये वाकई एयरवर्दी है?”
स्पाइसजेट ने इस घटना की पुष्टि करते हुए एक बयान जारी किया जिसमें कहा गया, “Q400 विमान की एक फ्लाइट के दौरान एक कॉस्मेटिक इंटीरियर विंडो फ्रेम ढीला हो गया था और फ्लाइट के लैंड होने पर उसे मरम्मत कर दिया गया. यह फ्रेम केवल सजावटी है और इसका उड़ान की संरचनात्मक मजबूती से कोई संबंध नहीं है.”
कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि कैबिन प्रेशराइज़ेशन (दबाव) पूरे समय सामान्य रहा. यह नॉन-स्ट्रक्चरल ट्रिम कंपोनेंट था जो केवल छाया या सुंदरता के लिए लगाया जाता है. विमान की बाहरी विंडो पर कोई असर नहीं पड़ा, जो कि प्रेशर को सहने योग्य मजबूत पेन से बनी होती है. इसलिए यात्रियों की सुरक्षा पर कोई असर नहीं पड़ा.
जब विमान पुणे एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा, तो मानक रखरखाव प्रक्रिया (Standard Maintenance Procedure) के तहत ढीले हुए फ्रेम को सही कर दिया गया. एयरलाइन ने फिलहाल किसी अन्य तकनीकी विवरण को साझा नहीं किया है.
हालांकि, यह घटना तकनीकी रूप से गंभीर नहीं थी, लेकिन एक यात्री द्वारा इसे सोशल मीडिया पर उजागर करने के बाद, सुरक्षा एजेंसियां इस मामले पर संज्ञान ले सकती हैं. DGCA की नजरें अब इस प्रकार की घटनाओं पर ज्यादा गंभीर हो सकती हैं, खासकर जब विमान बार-बार उपयोग में आ रहे हों.