IndiGo में पीटर एल्बर्स के इस्तीफे के बाद राहुल भाटिया ने कहा- 'मैं हूं ना', बताई क्या है भविष्य की रणनीति

राहुल भाटिया ने इंडिगो की कमान संभालते हुए कर्मचारियों को ईमेल के जरिए संबोधित किया है. उन्होंने पिछले दिसंबर की घटनाओं पर अफसोस जताया और फ्रंटलाइन स्टाफ की मेहनत की सराहना की है. कंपनी का मुख्य फोकस अब फिर से सस्ती और सुलभ हवाई यात्रा प्रदान करने पर है.
IndiGo में पीटर एल्बर्स के इस्तीफे के बाद राहुल भाटिया ने कहा- 'मैं हूं ना', बताई क्या है भविष्य की रणनीति

IndiGo की कमान राहुल भाटिया ने अपने हाथों में लिया. (Image Source-AI)

भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी IndiGo के CEO पीटर एल्बर्स के इस्तीफा देने के बाद कंपनी के सह-संस्थापक राहुल भाटिया ने इंडिगो के कामकाज की कमान सीधे अपने हाथों में ले ली है.

उन्होंने अपने कर्मचारियों को एक दिल को छू लेने वाला ईमेल लिखा है, जिसमें उन्होंने कंपनी के भविष्य, पुरानी गलतियों और कर्मचारियों के जज्बे को सलाम किया है. राहुल भाटिया का यह संदेश केवल एक आधिकारिक पत्र नहीं है, बल्कि यह उस भरोसे को फिर से बनाने की कोशिश है जो कंपनी और उसके लोगों के बीच बनी हुई है. उन्होंने खुद को 'मैं हूं ना' के अंदाज में पेश किया है, जो हर कर्मचारी के लिए एक बड़े आश्वासन की तरह है.

एक नई जिम्मेदारी और पुराना वादा

Add Zee Business as a Preferred Source

राहुल भाटिया ने अपनी नई भूमिका को बहुत जिम्मेदारी से स्वीकार किया है. उन्होंने कहा है कि उनका यह सफर सिर्फ ग्राहकों और शेयरधारकों के प्रति ही नहीं, बल्कि उस हर एक कर्मचारी के प्रति समर्पित है जो इस एयरलाइन को चला रहे हैं.

उन्होंने साफ किया कि वे कंपनी की संस्कृति को मजबूत करने और ऑपरेशनल एक्सीलेंस यानी कामकाज में निपुणता लाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं. उनका मानना है कि इंडिगो का असली पावर उसके कर्मचारी हैं, जो हर दिन कड़ी मेहनत करते हैं.

पिछली गलतियों से सीखना

ईमेल का सबसे खास हिस्सा वह है जिसमें राहुल भाटिया ने पिछले दिसंबर में हुई घटनाओं का जिक्र किया है. उन्होंने बिना किसी लाग-लपेट के स्वीकार किया है कि जो कुछ भी पिछले दिसंबर में हुआ, उसे कभी नहीं होना चाहिए था.

उन्होंने माना कि न तो ग्राहकों ने इसे डिजर्व किया और न ही हमारे फ्रंटलाइन कर्मचारियों ने, जिन्होंने बिना किसी गलती के मुश्किलों का सामना किया. राहुल भाटिया ने उन सभी साथियों का आभार जताया जिन्होंने उस मुश्किल वक्त में कंपनी की जिम्मेदारी अपने कंधों पर उठाई और रात-रात भर जागकर इंडिगो की ऑपरेशनल अखंडता को बहाल किया.

इंडिगो की नीव और मिशन

राहुल भाटिया ने याद दिलाया कि बाईस साल पहले इंटरग्लोब ने इंडिगो की शुरुआत एक साधारण मिशन के साथ की थी. मिशन बस इतना था कि हर भारतीय के लिए हवाई यात्रा सस्ती और आसान हो.

उन्होंने अपने कर्मचारियों से कहा कि अब हमें मिलकर काम करना है ताकि हम अपने ग्राहकों की पहली पसंद फिर से बन सकें. वे चाहते हैं कि इंडिगो भारत का गौरव बने और देश के कोने-कोने को आपस में जोड़े. उन्होंने टीम से कहा कि हमें अपने काम में ध्यान लगाना है और जवाबदेही तय करनी है.

आगे की राह और उम्मीद

राहुल भाटिया ने टीम को एक साथ मिलकर आगे बढ़ने का मंत्र दिया है. उन्होंने कहा कि हमें एकता बनाए रखनी है और अपने काम में सबसे बेहतर बने रहना है. सस्ती टिकट और ग्राहकों को बिना किसी परेशानी के यात्रा का अनुभव देना ही इंडिगो की पहचान है और इसे आगे भी बनाए रखना है.

उन्होंने अपने ईमेल का अंत एक बहुत ही व्यक्तिगत और गर्मजोशी भरे संदेश के साथ किया है, जिसमें उन्होंने सभी को और उनके परिवारों को शुभकामनाएं दी हैं. राहुल भाटिया का यह अंदाज साफ दिखाता है कि वे कंपनी की रीढ़ यानी कर्मचारियों के साथ मिलकर एक नई ऊंचाई पर पहुंचना चाहते हैं.

क्या है शेयर का हाल?

InterGlobe Aviation Limited (IndiGo) के शेयरों में आज अच्छी तेजी देखने को मिली. स्टॉक 3.46% की बढ़त के साथ 4,383.50 रुपये तक पहुंच गया, जबकि दिन का क्लोज 4,380.40 रुपये पर रहा, जो पिछले बंद भाव 4,236.70 रुपये के मुकाबले 143.70 रुपये यानी 3.39% ज्यादा है.

कारोबार के दौरान शेयर ने 4,473.70 रुपये का हाई और 4,341.60 रुपये का लो छुआ. दिन की शुरुआत 4,410 रुपये के ओपन के साथ हुई थी. इस तेजी से संकेत मिलता है कि निवेशकों की दिलचस्पी एविएशन सेक्टर में बनी हुई है और InterGlobe Aviation के शेयर में मजबूत खरीदारी देखने को मिली.

  1. 1
  2. 2
  3. 3
  4. 4
  5. 5
  6. 6