&format=webp&quality=medium)
पाकिस्तान बौखलाहट में भारत के लिए अपने सभी Air Route बंद करने पर विचार कर रहा है.(Dna)
एयर इंडिया (Air India) और उसके यात्रियों के लिए बुरी खबर है. पाकिस्तान बौखलाहट में भारत के लिए अपने सभी Air Route बंद करने पर विचार कर रहा है. इससे सबसे ज्यादा असर Air India की फ्लाइटों पर पड़ेगा. इससे न सिर्फ इंटरनेशनल फ्लाट्स के भारत आने का रूट लंबा हो जाएगा बल्कि तेल खर्च भी बढ़ जाएगा. पाकिस्तान ने अगस्त की शुरुआत में भारतीय विमानों के लिए चालू 9 हवाई रास्ते में से 3 को बंद कर दिया था.
300 करोड़ रुपए का नुकसान
पाकिस्तानी उड़ान क्षेत्र में प्रवेश पर पाबंदी के कारण नई दिल्ली से यूरोप, खाड़ी क्षेत्र और अमेरिका जाने के लिए एयर इंडिया को दूसरे व लंबे हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल करना पड़ता है. इससे अकेले Air India को फरवरी से जून तक करीब 300 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है.
क्या बोले पाक मंत्री
पाकिस्तान के विज्ञान व प्रौद्योगिकी मंत्री फवाद हुसैन चौधरी ने बताया कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान अपने देश के हवाई क्षेत्र को भारत के लिए पूरी तरह से बंद करना चाहते हैं. भारत ने जब से जम्मू-कश्मीर का विशेष राज्य का दर्जा खत्म किया है तभी से वह भारत से किसी न किसी बात पर भिड़ने की कोशिश कर रहा है.
मोदी ने शुरू किया, हम खत्म करेंगे
फवाद हुसैन ने ट्वीट किया, "प्रधानमंत्री (इमरान खान) भारत के लिए हवाई क्षेत्र को पूरी तरह से बंद करने पर विचार कर रहे हैं. इसके साथ ही भारत के अफगानिस्तान से व्यापार के लिए पाकिस्तान के जमीनी मार्ग के इस्तेमाल पर पूरी तरह से प्रतिबंध का भी सुझाव कैबिनेट बैठक में दिया गया है. इन फैसलों के लिए कानूनी औपचारिकताओं पर विचार हो रहा है. मोदी ने शुरू किया है, हम खत्म करेंगे."
इमरान खान ने ऐतिहासिक भूल बताया
चौधरी की यह टिप्पणी इमरान खान द्वारा कश्मीर पर कैबिनेट बैठक किए जाने के बाद आई है. इस बैठक में खान ने कहा कि वह कश्मीर मुद्दे को दुनिया भर में उठाएंगे. क्रिकेटर से राजनेता बने इमरान खान ने राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में कहा था कि भारत सरकार ने जम्मू-कश्मीर के लिए विशेष दर्जे को रद्द कर 'ऐतिहासिक भूल' की है. उन्होंने चेतावनी दी थी कि अगर भारत और पाकिस्तान युद्ध की ओर बढ़े तो इसका प्रभाव पूरी दुनिया पर पड़ेगा.