&format=webp&quality=medium)
Mumbai Airport: मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (CSMIA) पर 8 मई को फ्लाइट संचालन छह घंटे के लिए बंद रहेगा. यह निर्णय मानसून से पहले रनवे के रखरखाव के तहत लिया गया है. एयरपोर्ट का संचालन करने वाली मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (MIAL) ने शनिवार को इस बात की जानकारी दी.
MIAL के अनुसार, 8 मई को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक दोनों रनवे – प्राइमरी (09/27) और सेकेंडरी (14/32) को मेंटेनेंस कार्य के लिए अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा. इस दौरान हवाई अड्डे से किसी भी फ्लाइट का टेकऑफ या लैंडिंग नहीं होगी.
एयरपोर्ट ऑपरेटर ने बताया कि यह हर साल होने वाला प्री-मानसून मेंटेनेंस कार्य है, जो एयरपोर्ट की इंफ्रास्ट्रक्चर की सुरक्षा और लंबी उम्र के लिए बेहद जरूरी होता है. विशेषज्ञ इस दौरान रनवे की सतह का निरीक्षण करेंगे, उसमें किसी तरह के घिसाव या क्षति की जांच करेंगे और जलभराव की रोकथाम के लिए जरूरी उपाय करेंगे ताकि मानसून के दौरान सुरक्षित टेकऑफ और लैंडिंग सुनिश्चित की जा सके.
MIAL ने बताया कि इस मेंटेनेंस कार्य के मद्देनज़र NOTAM (Notice to Airmen) छह महीने पहले ही जारी कर दिया गया था, जिससे सभी एयरलाइंस को पहले से ही जानकारी मिल सके और वे अपनी फ्लाइट शेड्यूलिंग उसी अनुसार तय कर सकें.
यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की तारीख के अनुसार संबंधित एयरलाइंस से संपर्क कर अपनी उड़ान की स्थिति की जानकारी जरूर लें. CSMIA ने यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि यह रोक एहतियाती रखरखाव का हिस्सा है और मानसून के दौरान एयरपोर्ट की सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है.