&format=webp&quality=medium)
मिडिल ईस्ट में बढ़ते जियो-पॉलिटिकल टेंशन का असर अब अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाओं पर भी साफ दिखाई देने लगा है. इसी कड़ी में लंदन से मुंबई आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E2 को रास्ते में डायवर्ट कर मिस्र की राजधानी काहिरा में उतारना पड़ा. यह उड़ान 8 मार्च की रात लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट से मुंबई के लिए रवाना हुई थी और इसे 9 मार्च की सुबह मुंबई पहुंचना था.
लेकिन रास्ते में कुछ हवाई क्षेत्रों के बंद होने और सुरक्षा कारणों से विमान को अपना तय रूट बदलना पड़ा. इसके बाद फ्लाइट को काहिरा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया, जहां इसे इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी.
फ्लाइट के काहिरा पहुंचने के बाद यात्रियों को तुरंत आगे की यात्रा जारी रखने की अनुमति नहीं मिल सकी. इसके कारण विमान में सवार सैकड़ों यात्रियों को कई घंटों तक एयरपोर्ट पर ही इंतजार करना पड़ा.
यात्रियों में छोटे बच्चे, बुजुर्ग और परिवार भी शामिल थे, जिन्हें लंबे समय तक एयरपोर्ट परिसर में ही रुकना पड़ा. सोशल मीडिया पर कई यात्रियों ने इस स्थिति के बारे में जानकारी साझा की और बताया कि अचानक हुए डायवर्जन और लंबी देरी की वजह से उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
काहिरा में लैंडिंग के बाद यात्रियों के सामने एक और समस्या खड़ी हो गई. दरअसल, फ्लाइट में सवार अधिकांश यात्रियों के पास मिस्र का वीजा नहीं था. अंतरराष्ट्रीय नियमों के मुताबिक बिना वीजा के किसी देश में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाती.
इसी वजह से यात्रियों को एयरपोर्ट परिसर से बाहर जाने की अनुमति नहीं मिल सकी और उन्हें वहीं इंतजार करना पड़ा. इस स्थिति के कारण यात्रियों को कई घंटों तक एयरपोर्ट के ट्रांजिट एरिया में ही रुकना पड़ा, जिससे असुविधा और बढ़ गई.
एयरलाइन सूत्रों के मुताबिक फ्लाइट के आगे रवाना होने में देरी की एक बड़ी वजह FDTL यानी फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन नियम भी रहे. अंतरराष्ट्रीय विमानन नियमों के तहत पायलट और केबिन क्रू एक तय समय से अधिक लगातार ड्यूटी नहीं कर सकते. इसका उद्देश्य क्रू की थकान को कम करना और उड़ान की सुरक्षा सुनिश्चित करना होता है.
बताया गया कि काहिरा पहुंचते-पहुंचते फ्लाइट के क्रू की ड्यूटी अवधि पूरी हो चुकी थी. ऐसे में नियमों के अनुसार उन्हें अनिवार्य रूप से आराम देना जरूरी था. इसी कारण विमान तुरंत मुंबई के लिए रवाना नहीं हो सका.
जानकारी के मुताबिक एयरलाइन के क्रू को आवश्यक आराम देने के बाद फ्लाइट को मुंबई के लिए रवाना किया जाएगा. संभावना जताई जा रही है कि आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद यह उड़ान अगली उपलब्ध समयावधि में भारत के लिए उड़ान भरेगी और मुंबई पहुंचेगी.
हाल के दिनों में मध्य पूर्व के कई हिस्सों में बढ़ते तनाव और सुरक्षा कारणों से कई देशों के हवाई क्षेत्रों में पाबंदियां लगाई गई हैं. इन प्रतिबंधों की वजह से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को अक्सर अपना रूट बदलना पड़ रहा है. इसका सीधा असर फ्लाइट के संचालन, समय और यात्रियों की यात्रा योजनाओं पर पड़ रहा है.
(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें)