&format=webp&quality=medium)
पिछले साल 23 मार्च से भारत में शेड्यूल अंतर्राष्ट्रीय उड़ाने निलंबित है. (Source: Reuters)
International Flights: भारत के लिए और भारत से शेड्यूल अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें एक बार फिर से शुरू होने जा रही है. सिविल एविएशन मिनिस्ट्री ने शुक्रवार को बताया कि 15 दिसंबर से एक बार फिर से अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों को शुरू करने जा रही है.
गौरतलब है कि कोरोना महामारी के कारण पिछले साल 23 मार्च से भारत में शेड्यूल अंतर्राष्ट्रीय उड़ाने निलंबित है. हालांकि लगभग 28 देशों के साथ एयर बबल सिस्टम के तहत भारत से और भारत के लिए पिछले साल जुलाई से ही स्पेशल पैसेंजर फ्लाइट का संचालन हो रहा है.
सिविल एविएशन मिनिस्ट्री ने एविएशन रेगुलेटर DGCA को लेटर लिखकर शेड्यूल अंतर्राष्ट्रीय फ्लाइट्स को फिर से शुरू करने के लिए आगे की आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा है.
एक बयान में कहा गया भारत के लिए और भारत से शेड्यूल कॉमर्शियल अंतर्राष्ट्रीय पैसेंजर सर्विस को फिर से शुरू करने के मामले को लेकर गृह मंत्रालय, विदेश मंत्रालय और स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के परामर्श से जांच की गई है और यह निर्णय लिया गया है कि शेड्यूल कॉमर्शियल इंटरनेशनल पैसेंजर्स उड़ान को 15 दिसंबर, 2021 से फिर से शुरू किया जा सकता है.
इसके बाद यदि कोई देश किसी अन्य देश के लिए शेड्यूल पैसेंजर फ्लाइट्स संचालित करना चाहता है, तो यह तय करने के लिए एक द्विपक्षीय हवाई सेवा समझौते पर बातचीत करनी होगी कि दोनों देशों के बीच कितनी उड़ानों की अनुमति दी जा सकती है.
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने एविएशन मिनिस्ट्री का पत्र मिलने के बाद अनुसूचित अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानों को फिर से शुरू करने के बारे में एक औपचारिक अधिसूचना जारी की.
एविएशन मिनिस्ट्री ने कहा कि जिन देशों को हेल्थ मिनिस्ट्री ने कोरोना वायरस से संबंधित जोखिम से बाहर रखा है, उन्हें द्विपक्षीय हवाई सेवा समझौतों के अनुसार पूर्ण क्षमता का अधिकार मिलेगा.
हेल्थ मिनिस्टर ने शुक्रवार को एक सर्कुलर में यूनाइटेड किंगडम समेत यूरोप के देश, साउथ अफ्रीका, ब्राजील, बंग्लादेश, बोस्तवाना, चीन, मॉरीशस, न्यूजीलैंड, जिम्बॉब्बे, सिंगापुर, हांगकांग, इजराइल को खतरे की सूची में रखा है.