&format=webp&quality=medium)
Air India Special Flights: गुजरात के अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के तुरंत बाद लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट एआई171 गुरुवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गई. इस विमान में कुल 242 लोग सवार थे. एयर इंडिया ने इस हादसे के बाद पीड़ितों के परिवारों की तुरंत मदद पहुंचाने के लिए बड़ा कदम उठाया है. एयर इंडिया ने यात्रियों और स्टाफ के परिवारों के लिए दिल्ली और मुंबई से एक-एक स्पेशल राहत फ्लाइट का ऐलान किया है. इसके अलावा राहत और बचाव काम को मजबूती देने के लिए देखभाल करने वाले विशेषज्ञों की एक स्पेशल टीम अहमदाबाद पहुंच गई है.
एयर इंडिया के बयान के मुताबिक यह विशेष राहत उड़ानें आज देर रात रवाना होंगी. दिल्ली से अहमदाबाद तक फ्लाइट नंबर IX1555 12 जून की रात 11:00 बजे दिल्ली से रवाना होगी. वहीं, वापसी के लिए अहमदाबाद से दिल्ली तक फ्लाइट संख्या IX1556 13 जून को देर रात 1:10 बजे अहमदाबाद से चलेगी. मुंबई से अहमदाबाद तक फ्लाइट संख्या AI1402 12 जून की रात 11:00 बजे मुंबई से रवाना होगी. अहमदाबाद से मुंबई की वापसी की फ्लाइट संख्या AI1409 13 जून को देर रात 1:15 बजे अहमदाबाद से चलेगी.
एयर इंडिया ने अपने बयान में साफ किया है कि दिल्ली और मुंबई में मौजूद यात्रियों और स्टाफ के परिजन जो इन उड़ानों से अहमदाबाद जाना चाहते हैं, वे एयरलाइन की हेल्पलाइन नंबर 1800 5691 444 पर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, जो परिवार इंटरनेशनल डेस्टिनेशन से भारत आकर अहमदाबाद जाना चाहते हैं, उनके लिए एक अलग इंटरनेशनल हेल्पलाइन नंबर +91 8062779200 भी जारी किया गया है.
एयर इंडिया ने एक बयान में बताया है कि राहत और बचाव के काम में विशेषज्ञों की एक स्पेशल टीम अहमदाबाद में है. यह टीम स्थानीय टीमों को मदद देगी. एयरलाइन ने कहा है कि वह स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर हर जरूरी सहायता उपलब्ध कराएगी. इसके अलावा घटना की जांच करने वाले अधिकारियों को भी पूरा सहयोग करेगी. इससे पहले टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने हर मृतक को को एक करोड़ रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है.