&format=webp&quality=medium)
अहमदाबाद से लंदन जाने वाली फ्लाइट टेकऑफ के कुछ वक्त बाद क्रैश हो गई है. एयर इंडिया की फ्लाइट AI171 में दो पायलट, 10 केबिन क्रू समेत 242 लोग सवार थे. हादसे की सूचना मिलने के बाद बड़ा बचाव काम शुरू हो गया है. रेलवे सुरक्षा बल की डिजास्टर मैनेजमेंट टीम, जिसमें सात सदस्य शामिल हैं, तुरंत घटनास्थल में पहुंच गई है. आपको बता दें कि एयर इंडिया का ये क्रैश हुआ विमान बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर है.
एयर ट्रैफिक कंट्रोल के मुताबिक फ्लाइट आरपीएफ की आपदा प्रबंधन टीम में सात सदस्य शामिल हैं. उनके साथ 6 डॉक्टरों, 20 पैरमेडिकल स्टाफ और 7 एंबुलेंस से लैस एक बड़ी हॉस्पिटल की टीम भी बचाव काम में जुट गई है. अहमदाबाद की टीमें बाकी सभी बचाव एजेंसियों के साथ मिलकर हर संभव मदद की जाएगी. इसके अलावा यात्रियों के परिवारों की मदद के लिए भारतीय रेलवे ने दो स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है. एक ट्रेन अहमदाबाद से मुंबई और दूसरी अहमदाबाद से नई दिल्ली तक चलाई जाएगी.
भारतीय सेना ने बयान जारी कर कहा है कि मानवीय सहायता और आपदा राहत (HADR) प्रयासों में नागरिक प्रशासन की सहायता के लिए लगभग 130 कर्मियों वाली भारतीय सेना की टीमें तैनात की गई हैं. भारतीय सेना की प्रतिक्रिया में मलबा हटाने के लिए जेसीबी के साथ इंजीनियरिंग टीमें, डॉक्टरों और पैरामेडिक्स वाली मेडिकल टीमें, त्वरित कार्रवाई दल (QAT), अग्निशामक यंत्रों और पानी के बाउजर के साथ अग्निशमन संपत्तियां और साइट प्रबंधन के लिए प्रोवोस्ट स्टाफ शामिल हैं. सैन्य अस्पताल को भी स्टैंडबाय पर रखा गया है.
एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के अनुसार, फ्लाइट ने भारतीय समयानुसार दोपहर 1 बजकर 39 मिनट पर अहमदाबाद एयरपोर्ट के रनवे 23 से उड़ान भरी थी. टेकऑफ के फौरन बाद पायलट ने ATC को "मे-डे" (MAYDAY) का आपातकालीन कॉल दिया, लेकिन उसके बाद विमान से कोई संपर्क नहीं हो सका. इसके कुछ ही देर बाद विमान एयरपोर्ट की सीमा के बाहर जमीन पर गिर गया. विमान के कैप्टन अनुभवी सुमीत सभरवाल थे, जिनके पास 8200 घंटे से अधिक का उड़ान अनुभव था, जबकि फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर थे.
VIDEO: प्लेन क्रैश से पहले Mayday Alert, क्या है ये?
प्रधानमंत्री मोदी ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू से बात की है और अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया के विमान हादसे की जानकारी ली. नागरिक उड्डयन मंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि वे बचाव और राहत कार्यों की निगरानी के लिए स्वयं अहमदाबाद जा रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने केंद्रीय मंत्री को निर्देश दिया है कि वे सभी आवश्यक सहायता तत्काल उपलब्ध कराएं. इसके अलावा अहमदाबाद में सभी संबंधित एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। राहत एवं बचाव के लिए समन्वित प्रयास जारी हैं.