&format=webp&quality=medium)
इस ऑटो कंपनी ने खोला नया सेंटर, रोबोटिक्स बिजनेस पर फोकस पर जोर (फोटो - Yamaha India)
देश की दिग्गज टू व्हीलर कंपनी यामाहा मोटर ने भारत में अपने रोबोटिक्स कारोबार को मजबूत करने के लिए हरियाणा के गुरुग्राम में नया रोबोटिक्स बिजनेस सपोर्ट डिविजन शुरू किया है. यह नया केंद्र यामाहा मोटर इंडिया के अंदर स्थापित किया गया है, जो भारत में कंपनी के मोटरसाइकिल और अन्य उत्पादों की बिक्री का काम संभालती है.
कंपनी का कहना है कि भारत का मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर तेजी से आगे बढ़ रहा है और आने वाले वर्षों में इसमें और विस्तार देखने को मिल सकता है. इसी वजह से यामाहा अब भारत के रोबोटिक्स बाजार में अपनी मौजूदगी मजबूत करना चाहती है.
कंपनी के अनुसार भारत में इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन और रोबोटिक्स की मांग लगातार बढ़ रही है. देश में मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर पहले के मुकाबले ज्यादा आधुनिक और टेक्नोलॉजी आधारित हो रहा है.
कंपनी का मानना है कि भारत में उसके रोबोटिक्स बिजनेस के लिए अभी काफी संभावनाएं मौजूद हैं. ऐसे में नया रोबोटिक्स बिजनेस सपोर्ट डिविजन कंपनी की बिक्री और सर्विस नेटवर्क को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा.
यामाहा ने बताया कि नया सेंटर सबसे पहले SMT असेंबली सिस्टम्स और इंडस्ट्रियल रोबोट्स के लिए सपोर्ट उपलब्ध कराएगा. इसके बाद कंपनी सेमीकंडक्टर बैक-एंड प्रोसेसिंग इक्विपमेंट के लिए भी जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करेगी.
इस फैसिलिटी का मकसद केवल उत्पादों की बिक्री बढ़ाना नहीं बल्कि ग्राहकों को बेहतर तकनीकी सहायता और सर्विस देना भी है.
Zee Business Hindi Live TV यहां देखें
गुरुग्राम में बने इस नए सेंटर में यामाहा की लेटेस्ट रोबोटिक्स टेक्नोलॉजी का शो-रूम भी तैयार किया गया है. यहां ग्राहक कंपनी के रोबोटिक्स प्रोडक्ट्स और सॉल्यूशंस को सीधे देखकर समझ सकेंगे.
कंपनी का कहना है कि इससे ग्राहकों को अपने प्रोडक्शन यूनिट्स में इन तकनीकों के इस्तेमाल को बेहतर तरीके से समझने में मदद मिलेगी.
कंपनी का लक्ष्य इस नए सेंटर के जरिए कंपनियों की उत्पादन से जुड़ी समस्याओं को हल करना और उनकी प्रोडक्टिविटी बढ़ाना है. विशेषज्ञों का मानना है कि भारत में ऑटोमेशन और स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग की मांग तेजी से बढ़ रही है. ऐसे में यामाहा जैसी वैश्विक कंपनियों का निवेश भारतीय रोबोटिक्स बाजार को और मजबूत कर सकता है.
ये भी पढ़ें: अप्रैल 2026 में टू-व्हीलर की डिमांड जबरदस्त बढ़ी, ई-व्हीकल्स सेल्स में 68% तेजी, ये रही बड़ी वजहें
पिछले कुछ वर्षों में भारत में इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल और सेमीकंडक्टर सेक्टर में निवेश तेजी से बढ़ा है. सरकार भी मेक इन इंडिया और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा दे रही है. इसी वजह से अब कई अंतरराष्ट्रीय कंपनियां भारत में नई टेक्नोलॉजी और ऑटोमेशन सॉल्यूशंस पर फोकस कर रही हैं.
(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें)