&format=webp&quality=medium)
जून महीने में ऑटो सेल्स के नंबर्स कैसे रहे, इसे लेकर अलग-अलग ऑटो कंपनियां अपनी सेल्स की रिपोर्ट शेयर कर रही हैं. टू व्हीलर सेगमेंट में कई दिग्गज ऑटो कंपनियां हैं, जिसमें TVS Motor, Royal Enfield, Bajaj Auto और Suzuki Motorcycle ने अपनी रिपोर्ट जारी कर दी है. इन चारों कंपनियों ने बता दिया है कि जून महीने में किस कंपनी की कितनी सेल्स रही है? इस खबर में इन चारों ऑटो कंपनियों की सेल्स का आंकड़ा बताया गया है. जून में किस कंपनी ने कितनी मोटरसाइकिल और कितने स्कूटर बेचे हैं?
टीवीएस मोटर कंपनी की जून में कुल बिक्री सालाना आधार पर 20 प्रतिशत बढ़कर 4,02,001 इकाई हो गई. कंपनी ने जून, 2024 में 3,33,646 इकाइयों की बिक्री की थी. टीवीएस मोटर कंपनी ने बयान में कहा कि दोपहिया वाहनों की बिक्री में 20 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जो जून, 2024 के 3,22,168 इकाई से बढ़कर जून, 2025 में 3,85,698 इकाई हो गई. घरेलू दोपहिया वाहन खंड में 10 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और इसकी बिक्री पिछले साल जून के 2,55,734 इकाई से बढ़कर इस साल जून में 2,81,012 इकाई हो गई.
इस बीच, मोटरसाइकिल विनिर्माता रॉयल एनफील्ड ने मंगलवार को बताया कि जून में उसकी कुल बिक्री 22 प्रतिशत बढ़कर 89,540 इकाई हो गई है. रॉयल एनफील्ड ने बयान में कहा कि पिछले महीने घरेलू बिक्री 16 प्रतिशत बढ़कर 76,957 इकाई रही. निर्यात 79 प्रतिशत बढ़कर 12,583 इकाई हो गया.
बजाज ऑटो की निर्यात सहित कुल बिक्री जून में सालाना आधार पर एक प्रतिशत बढ़कर 3,60,806 इकाई हो गई. पुणे स्थित मोटर वाहन विनिर्माण कंपनी ने जून 2024 में कुल 3,58,477 वाहनों की बिक्री दर्ज की थी. कंपनी ने कहा कि समीक्षाधीन महीने में निर्यात 21 प्रतिशत बढ़कर 1,72,346 वाहन हो गया, जबकि जून 2024 में यह 1,42,026 इकाई रहा था.
सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया ने जून 2025 में कुल 95,244 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की, जो जून 2024 में हुई 88,287 यूनिट्स की बिक्री की तुलना में 8% की वृद्धि को दर्शाता है. इसमें घरेलू बाजार में 73,934 यूनिट्स की बिक्री हुई, जो पिछले साल जून के 71,086 यूनिट्स की तुलना में 4% की बढ़त है. वहीं, निर्यात में भी शानदार 24% की वृद्धि देखने को मिली — जून 2024 में 17,201 यूनिट्स के मुकाबले जून 2025 में 21,310 यूनिट्स का निर्यात हुआ.
जून 2025 में, कंपनी ने अपने प्रोडक्ट पोर्टफोलियो को और मजबूत किया. इस दौरान OBD-2B नॉर्म्स के अनुसार अपडेट की गई Suzuki GSX-8R को लॉन्च किया गया। साथ ही, Suzuki V-Strom 800DE को भी नए तीन रंगों के विकल्पों में पेश किया गया, जो मौजूदा रंगों के साथ उपलब्ध होगा.