&format=webp&quality=medium)
कमर्शियल व्हीकल बनाने वाली देश की लीडिंग कंपनी टाटा मोटर्स (Tata Motors) ने ग्राहकों को बड़ा झटका दिया है. कंपनी ने कमर्शियल व्हीकल प्रोडक्ट्स की कीमतों को बढ़ाने का ऐलान किया है. कंपनी ने कमर्शियल व्हीकल की कीमतों को 2 फीसदी से बढ़ाने का फैसला किया है. कंपनी के सभी कमर्शियल व्हीकल प्रोडक्ट्स पर ये हाइक लागू होगी. अगले महीने यानी कि अप्रैल 2025 से टाटा मोटर्स की ओर से लिया गया फैसला लागू होगा. 1 अप्रैल 2025 से टाटा मोटर्स के कमर्शियल व्हीकल खरीदना महंगा पड़ेगा. एक अप्रैल के बाद से टाटा मोटर्स के सभी कमर्शियल व्हीकल की कीमतें बढ़ जाएंगी. हर प्रोडक्ट की कीमत 2 फीसदी और महंगी हो जाएगी.
घरेलू वाहन विनिर्माता टाटा मोटर्स ने सोमवार को कहा कि वह कच्चे माल के दाम बढ़ने की वजह से अपने वाणिज्यिक वाहनों की कीमतों में अप्रैल महीने से दो प्रतिशत तक की बढ़ोतरी करेगी. टाटा मोटर्स ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि कंपनी के वाणिज्यिक वाहनों की कीमतें एक अप्रैल, 2025 से दो प्रतिशत तक बढ़ जाएंगी.
टाटा समूह की कंपनी ने कहा कि कीमतों में यह बढ़ोतरी कच्चे माल की लागत में वृद्धि की भरपाई के लिए की गई है और यह अलग-अलग मॉडल और संस्करण के हिसाब से अलग-अलग होगी. करीब 165 अरब डॉलर मूल्यांकन वाले टाटा समूह की कंपनी टाटा मोटर्स का मूल्यांकन 44 अरब डॉलर का है. यह कार, बहुद्देशीय वाहन, ट्रक और बसें बनाती है.
मारुति सुजुकी ने कहा कि वह अगले महीने से अपने सभी मॉडल की कीमतों में चार प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने की योजना बना रही है. मारुति सुजुकी इंडिया ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि कच्चे माल की बढ़ती लागत और परिचालन व्यय के मद्देनजर कंपनी ने अप्रैल से अपनी कारों की कीमतें बढ़ाने की योजना बनाई है.
कंपनी ने कहा कि कीमत में चार प्रतिशत तक की वृद्धि होने का अनुमान है और यह मॉडल के आधार पर अलग-अलग होगी. मारुति सुजुकी वर्तमान में घरेलू बाजार में शुरुआती स्तर की ऑल्टो के-10 से लेकर बहुउद्देश्यीय वाहन इनविक्टो तक विभिन्न मॉडल बेचती है. इनकी कीमत क्रमशः 4.23 लाख रुपये और 29.22 लाख रुपये (एक्स-शोरूम दिल्ली) के बीच है.