फैमिली के लिए खरीदनी है बड़ी कार? SUV ठीक रहेगी या MPV, दिखने में एक जैसी लेकिन कितनी अलग, यहां जानें

भारत में SUV और MPV दोनों सेगमेंट तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं. SUV ऑफ रोडिंग और पावरफुल ड्राइविंग के लिए बेहतरीन हैं, वहीं MPV फैमिली और कम्फर्ट के लिए परफेक्ट कार मानी जाती है.
फैमिली के लिए खरीदनी है बड़ी कार? SUV ठीक रहेगी या MPV, दिखने में एक जैसी लेकिन कितनी अलग, यहां जानें

आजकल भारतीय कार मार्केट में कॉम्पैक्ट और मिड-साइज SUV की जबरदस्त डिमांड देखी जा रही है. हर ब्रांड अपनी एसयूवी लॉन्च करने की होड़ में है क्योंकि खरीदारों का झुकाव अब छोटी और स्टाइलिश SUV की ओर बढ़ गया है. लेकिन इसी के बीच एक और सेगमेंट है जो फैमिली कार के रूप में हमेशा लोकप्रिय रहा है — वो है MPV या मल्टी पर्पज व्हीकल.

दोनों ही कारें लगभग एक जैसी लगती हैं लेकिन असल में इनका उपयोग, डिजाइन और फीचर्स पूरी तरह अलग हैं. अगर आप भी कार खरीदने का सोच रहे हैं और SUV व MPV के बीच कंफ्यूज हैं तो ये जानकारी आपके काम काफी आएगी.

SUV क्या होती है?

Add Zee Business as a Preferred Source

SUV का मतलब है स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल. ऐसी कार जो हर तरह की सड़क पर चल सके और जरूरत पड़ने पर ऑफ रोडिंग का भी मजा दे सके. SUV का डिज़ाइन थोड़ा बोल्ड और रग्ड होता है. इसका ग्राउंड क्लीयरेंस ज्यादा रखा जाता है ताकि ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर चलने में कोई परेशानी न हो. SUVs उन लोगों के लिए परफेक्ट होती हैं जिन्हें एडवेंचर पसंद है या जो अक्सर आउटडोर ट्रिप पर निकलते हैं.

इस कैटेगरी में आने वाली कुछ पॉपुलर कारों में Maruti Jimny, Hyundai Creta, Tata Punch और Nexon शामिल हैं. अब मार्केट में कंपनियों ने कॉम्पैक्ट, मिड-साइज और माइक्रो SUV जैसे कई विकल्प भी तैयार किए हैं ताकि हर बजट और जरूरत के हिसाब से खरीदार कार चुन सके.

MPV क्या होती है?

MPV यानी मल्टी पर्पज व्हीकल. नाम से ही साफ है कि यह कार कई तरह के कामों के लिए बनाई जाती है. फैमिली यूज़ के लिए तैयार की गई ये कारें ज्यादा स्पेस और आराम पर फोकस करती हैं. MPV का डिजाइन साधारण होता है लेकिन इसका इंटीरियर काफी प्रीमियम और इस्तेमाल के हिसाब से ज्यादा सुविधाजनक होता है.

MPV में आमतौर पर 6 से 7 सीटें मिलती हैं. दूसरी रो में कैप्टन सीट्स दी जाती हैं जिन पर बैठना बेहद आरामदायक होता है. वहीं तीसरी रो फोल्ड होने के बाद बूट स्पेस और भी बढ़ जाता है. इसका ग्राउंड क्लीयरेंस SUV से थोड़ा कम होता है ताकि बच्चे और बुजुर्ग आसानी से कार में बैठ सकें. MPV का मकसद बेहतर कम्फर्ट और फैमिली ट्रैवल अनुभव देना है. इस सेगमेंट में Maruti Ertiga, Kia Carens, Toyota Innova Crysta और Renault Triber जैसी कारें खूब पसंद की जाती हैं.

डिजाइन और परफॉर्मेंस में फर्क

SUV का एक्सटीरियर थोड़ा एग्रेसिव होता है. हाई बोनट, वाइड टायर और ऊंचा बॉडी स्टांस इसे एक दमदार लुक देता है. वहीं MPV की लुक सॉफ्ट और बैलेंस्ड होती है जो इसे सिटी ड्राइव के लिए परफेक्ट बनाती है. SUVs का इंजन भी ज्यादा पावरफुल होता है ताकि खराब रास्तों पर भी गाड़ी मजबूत बने रहे.

दूसरी ओर MPV का फोकस फ्यूल एफिशिएंसी, बैठने की आरामदायक क्षमता और स्टोरेज स्पेस पर होता है. इसलिए फैमिली यूजर्स के लिए ये कार बेहतर साबित होती है.

कौन-सी कार खरीदें – SUV या MPV?

ये फैसला आपके इस्तेमाल और जरूरत पर निर्भर करता है. अगर आपको अक्सर शहर से बाहर के इलाकों में ड्राइव करनी होती है, पहाड़ों या ऑफ रोड ट्रिप का शौक है तो SUV आपके लिए सही विकल्प है. लेकिन अगर आपकी प्राथमिकता फैमिली के साथ आरामदायक ट्रैवलिंग, ज्यादा स्पेस और बूट कैपेसिटी है तो MPV परफेक्ट चुनाव बन सकती है. कीमत के लिहाज से अब दोनों सेगमेंट के बीच बहुत बड़ा अंतर नहीं रहा है क्योंकि कंपनियां हर बजट के हिसाब से मॉडल पेश कर रही हैं.

FAQs

1. SUV और MPV में सबसे बड़ा अंतर क्या है?

SUV ऑफ रोडिंग और एडवेंचर ड्राइव के लिए बनाई जाती है जबकि MPV फैमिली यूज और कम्फर्ट पर फोकस करती है.

2. MPV कार कौन-कौन खरीदता है?

ज्यादातर परिवार MPV खरीदते हैं क्योंकि इसमें ज्यादा सीटें और बूट स्पेस मिलता है.

3. SUV का ग्राउंड क्लीयरेंस ज्यादा क्यों होता है?

SUV में ऊंचा ग्राउंड क्लीयरेंस इसलिए होता है ताकि यह खराब और ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर आसानी से चल सके.

4. क्या MPV लंबी दूरी की यात्रा के लिए सही है?

हां, MPV लंबी यात्राओं के लिए बहुत आरामदायक होती हैं क्योंकि इसमें स्पेस और सीटिंग कम्फर्ट शानदार होता है.

5. SUV और MPV में कीमत का ज्यादा फर्क होता है क्या?

पहले फर्क ज्यादा था लेकिन अब दोनों सेगमेंट के मॉडल लगभग एक ही बजट में मिलने लगे हैं.