&format=webp&quality=medium)
पिछले कुछ दिनों में कई ऑटोमोबाइल कंपनियों ने अपनी गाड़ियों के दाम बढ़ाने की घोषणा की है. इसी बीच अब स्कोडा ऑटो इंडिया (Skoda Auto India) ने भी गाड़ियों के दाम बढ़ाने की घोषणा कर दी है. जनवरी 2025 से स्कोडा की गाड़ियों के दाम 3 फीसदी बढ़ जाएंगे. कंपनी ने यह कदम बढ़ती हुई मैन्युफैक्चरिंग और ऑपरेशनल कॉस्ट को ध्यान में रखते हुए उठाया है. इससे पहले मारुति, हुंडई, KIA जैसी कंपनियों ने भी कीमतों में इजाफा करने की घोषणा की थी.
स्कोडा की तरफ से कीमतें बढ़ाए जाने के असर कंपनी के पोर्टफोलियो में शामिल हर कार पर होगा. हालांकि, कुछ वक्त पहले ही लॉन्च हुई Skoda Kylaq पर इसका असर नहीं होगा, जब तक कि उसकी बुकिंग 33,333 गाड़ियों के माइलस्टोन को ना छू ले. यानी इसके बाद Skoda Kylaq के दाम भी बढ़ जाएंगे.
टाटा मोटर्स, अगले महीने से अपने यात्री वाहनों की कीमतों में 3% तक की बढ़ोतरी करेगी. कंपनी ने बयान में कहा कि कच्चे माल की लागत और मुद्रास्फीति में बढ़ोतरी के प्रभाव को आंशिक रूप से कम करने के लिए वह वाहन कीमतों में बढ़ोतरी करने जा रही है. बयान के मुताबिक, जनवरी, 2025 से प्रभावी होने वाली यह कीमत बढ़ोतरी मॉडल और उनके वर्जन के आधार पर अलग-अलग होगी. 1 जनवरी से टाटा की इलेक्ट्रिक गाड़ियां भी महंगी हो जाएंगी.
लीडिंग प्रीमियर कारमेकर किआ इंडिया (KIA India) ने नए साल से गाड़ियों कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की है. किआ इंडिया अपने सभी मॉडल्स की कीमतों में 2% बढ़ोतरी का ऐलान किया है. नई कीमतें 1 जनवरी 2025 से लागू होंगी. कंपनी ने कहा कि कमोडिटी कीमतों में बढ़ोतरी और सप्लाई-चेन कॉस्ट में इजाफे से कीमतों में बढ़ोतरी की जा रही है.
ऑटोमोबाइल कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा (Mahindra & Mahindra) ने अपनी एसयूवी (SUV) और कमर्शियल व्हीकल्स (Commercial Vehicles) की कीमतों में 3% ऐलान किया है. यह बढ़ोतरी जनवरी 2025 से लागू होगी. कंपनी ने बढ़ती लागत और परिचालन खर्चों के असर को कम करने के लिए जनवरी से वाहनों की कीमतों में बढ़ोतरी करने की घोषणा की है.
हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड (HMIL) ने अपने सभी मॉडल्स के दाम में 25,000 रुपये तक की बढ़ोतरी का ऐलान किया गया. नई कीमतें 1 जनवरी से लागू होंगी. कीमतों में बढ़ोतरी की वजह इनपुट लागत का बढ़ना है. एचएमआईएल द्वारा जारी बयान में कहा गया कि कीमतों में बढ़ोतरी सभी मॉडल्स पर की जाएगी और अधिकतम 25,000 रुपये तक बढ़ाए जाएंगे. इनपुट लागत में वृद्धि, प्रतिकूल विनिमय दर और लॉजिस्टिक्स लागत में वृद्धि के कारण कीमत बढ़ोतरी जरूरती हो गई है.
मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) जनवरी से अपने विभिन्न मॉडलों की कीमतों में 4% तक की बढ़ोतरी करेगी. कंपनी ने कहा कि कच्चे माल की बढ़ती लागत और परिचालन खर्चों के मद्देनजर कंपनी ने जनवरी 2025 से अपनी कारों की कीमतें बढ़ाने की योजना बनाई है. कीमतों में बढ़ोतरी 4% तक होने की उम्मीद है और यह मॉडल के आधार पर अलग-अलग होगी. इसमें कहा गया, हालांकि कंपनी लगातार लागत को अनुकूलतम बनाने और अपने ग्राहकों पर प्रभाव को न्यूनतम करने का प्रयास करती है, लेकिन बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा बाजार पर डालना पड़ सकता है.
जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया (JSW MG Motor) जनवरी से अपने वाहनों के अलग-अलग मॉडल की कीमतों में 3% तक की बढ़ोतरी करेगी. कंपनी कहा कि कीमतों में बढ़ोतरी कल-पुर्जों की लगातार बढ़ती लागत और अन्य बाहरी कारकों का नतीजा है.