&format=webp&quality=medium)
सुपर फास्ट डीसी चार्जर से ZS EV 50 मिनट के अंदर 80 प्रतिशत तक चार्ज हो जाएगी. (जी बिजनेस)
MG ZS EV: देश में इलेक्ट्रॉनिक कारों में लोग रुचि धीरे-धीरे ही सही लेकिन ले रहे हैं. पिछले साल भारत आई एमजी मोटर (MG Motor) की इलेक्ट्रिक कार MG ZS EV को भारतीय कस्टमर्स का काफी समर्थन मिल रहा है. रशलेन की खबर के मुताबिक, इस बात का अंदाजा इस तरह लगाया जा सकता है कि महज 27 दिनों में कंपनी को भारत में 2800 यूनिट से भी ज्यादा की बुकिंग मिल चुकी है. कंपनी ने इस कार की बुकिंग 21 दिसंबर से शुरू की थी. कस्टमर इस कार की बुकिंग 50000 रुपये में करा सकते हैं.
कंपनी ने जब इस कार को शोकेस किया था तब पहले 1000 कस्टमर के लिए इंट्रोडक्टरी प्राइस की बात भी कही है. बता दें कि पहले चरण में यह कार पहले भारत के पांच शहरों- दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, बेंगलुरु और हैदराबाद में पहले लॉन्च होगी. खबर के मुताबिक, सबसे ज्यादा बुकिंग बेंगलुरु से मिली है. दूसरे नंबर पर हैदराबाद है. करीब 40 प्रतिशत की बुकिंग ऑनलाइन हुई है. इस कार की अब तक की कुल बुकिंग का आंकड़ा पिछले साल के कुल आंकड़ों (करीब 1500 यूनिट) से भी काफी अधिक है. बिक्री के मामले में कंपनी की यह इलेक्ट्रिक कार नया बेंचमार्क स्थापित करेगी.
MG ZS EV को चार्ज करना बेहद आसान है. इस एसयूवी को किसी भी 15 एम्पीयर के सॉकेट से चार्ज किया जा सकता है. कंपनी इस एसयूवी में एसी फास्ट चार्जर भी इन्स्टॉल करेगी ताकि इसे घर या ऑफिस में चार्ज किया जा सके. एमजी मोटर अपने कुछ शोरूम में डीसी सुपर फास्ट चार्जर भी इन्स्टॉल कर रही है.
यह चार्जर 24x7 शोरूम में उपलब्ध होगा. सुपर फास्ट डीसी चार्जर से ZS EV 50 मिनट के अंदर 80 प्रतिशत तक चार्ज हो जाएगी, जबकि एसी फास्ट चार्जर से एसयूली को फुल चार्ज होने में 6-8 घंटे लगेंगे. इसकी बैटरी एक बार फुल चार्ज होने पर 340 किलोमीटर तक का सफर करा सकती है. यह कार 23 जनवरी 2020 को भारत में लॉन्च होगी.