&format=webp&quality=medium)
कंपनी आगामी ऑटो एक्सपो 2020 में अपने 17 नए मॉडल को पेश कर सकती है. (maruti suzuki)
Maruti Suzuki S-Cross: सबसे बड़ी घरेलू कार निर्माता मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) ने अपनी पॉपुलर कार Maruti S-CROSS को लेकर बड़ा फैसला किया है. खबर है कि कंपनी एस-क्रॉस के डीजल (Diesel) एडिशन को बंद कर रही है और पेट्रोल (Petrol) एडिशन को फरवरी में होने वाले ऑटो एक्सपो में लॉन्च कर सकती है. फिलहाल एस-क्रॉस 1.6 लीटर और 1.3 लीटर डीजल इंजन में उपलब्ध है. ड्राइव स्पार्क की खबर के मुताबिक, कंपनी ने 1.6 लीटर डीजल इंजन एस-क्रॉस को बंद करने की घोषणा की है.
कंपनी आने वाले समय में 1.3 लीटर डीजल इंजन से लैस एस-क्रॉस को SHVS माइल्ड हाइब्रिड टेक्नोलॉजी के साथ पेश कर सकती है. फिलहाल यह इंजन 89एचपी का पावर और 200एनएन का पीक टॉर्क जेनरेट करता है. इस कार में 5-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन का ऑप्शन है. रिपोर्ट के मुताबिक, 2020 मारुति एस-क्रॉस में 1.5 लीटर के15बी (K15B) पेट्रोल इंजन लगाया जाएगा. इसमें कहा गया है कि कंपनी ने बीएस 6 (BSVI) के बढ़ते कॉस्ट की वजह से एस-क्रॉस डीजल को बंद करने का फैसला किया है. सरकार ने देश में 1 अप्रैल 2020 से सिर्फ बीएस 6 स्टैंडर्ड वाली गाड़ियों की बिक्री को लेकर सख्त डेडलाइन दी है. इस वक्त कंपनी अपने पोर्टफोलियो को बीएस 6 में बदलने में लगातार जुटी हैं.
जाहिर है पेट्रोल एडिशन वाली नई एस क्रॉस बीएस 6 स्टैंडर्ड इंजन के साथ लॉन्च होगी. रिपोर्ट की मानें तो नई एस-क्रॉस का पेट्रोल इंजन 103बीएचपी का पावर और 138 एनएम का पीक टॉर्क जेनरेट करेगा. कंपनी की दो कारें सियाज और एर्टिगा दोनों के इंजन इतना पावर देते हैं.
खबर यह भी है कि कंपनी आगामी ऑटो एक्सपो 2020 में अपने 17 नए मॉडल को पेश कर सकती है. हालांकि इसमें कुछ कारों के फेसलिफ्ट वेरिएंट भी होंगे. रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि इस एक्सपो में सरकार अपनी पहली इलेक्ट्रिक कार फ्यूचूरो-ई को शोकेस कर सकती है. साथ ही कंपनी अपने पॉपुलर विटारा ब्रेजा का भी फेसलिफ्ट वेरिएंट लॉन्च कर सकती है.