&format=webp&quality=medium)
GST की कटौती का फायदा अब लगभग सभी कार कंपनियों ने दे दिया है. Nissan, MG Motor के बाद अब Kia India की तरफ से डिस्काउंट ऑफर की जानकारी दे दी गई है. कंपनी ने GST कटौती के बाद कार की नई कीमतों का ऐलान किया है. त्योहारी सीजन की शुरुआत से पहले, कार बाजार में डिस्काउंट की बारिश हो रही है. सरकार की ओर से हाल ही में GST की दरों में की गई कमी का पूरा लाभ ग्राहकों को देते हुए, कंपनी ने अपनी पूरी ICE (पेट्रोल/डीजल) कार रेंज पर कीमतों को कम कर दिया है.
कंपनी के इस फैसले के बाद, Kia की लग्जरी MPV कार्निवल (Kia Carnival) की कीमत में सबसे ज्यादा, 4.48 लाख रुपये तक की कमी आई है. नई, घटी हुई कीमतें 22 सितंबर, 2025 से लागू होंगी. यह कदम फेस्टिव सीजन में नई कार खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों के लिए एक बड़ा तोहफा है.
किआ ने अपने सभी लोकप्रिय मॉडलों की कीमतों में कटौती की है, जिससे ग्राहकों को बड़ी बचत होगी. नीचे दी गई टेबल में आप देख सकते हैं कि किस कार पर कितनी छूट मिल रही है:
| मॉडल | कीमत में कमी (रुपये में) |
|---|---|
| Sonet (सोनेट) | ₹1,64,471 तक |
| Syros (साइरस) | ₹1,86,003 तक |
| Seltos (सेल्टोस) | ₹75,372 तक |
| Carens (कैरेन्स) | ₹48,513 तक |
| Carens Clavis (कैरेन्स क्लैविस) | ₹78,674 तक |
| Carnival (कार्निवल) | ₹4,48,542 तक |
इस कटौती के बाद, Kia की सबसे छोटी SUV सोनेट पर 1.64 लाख रुपये तक का फायदा मिल रहा है, वहीं आने वाली SUV Syros पर भी 1.86 लाख रुपये तक की बड़ी बचत होगी. भारत में किआ की सबसे सफल SUV Seltos की कीमत में भी 75,372 रुपये की कमी आई है.
| मॉडल | शुरुआती कीमत (एक्स-शोरूम) |
|---|---|
| Sonet (सोनेट) | ₹8 लाख |
| Syros (साइरस) | ₹9.50 लाख |
| Seltos (सेल्टोस) | ₹11.19 लाख |
| Carens (कैरेन्स) | ₹11.41 लाख |
| Carens Clavis (कैरेन्स क्लैविस) | ₹11.50 लाख |
| Carnival (कार्निवल) | ₹63.91 लाख |
इस घोषणा पर टिप्पणी करते हुए, किआ इंडिया के प्रबंध निदेशक और सीईओ ग्वांग्गु ली ने कहा, “हम यात्री वाहनों पर जीएसटी कम करने के लिए भारत सरकार के दूरदर्शी नागरिक-केंद्रित सुधारों का स्वागत करते हैं. यह परिवर्तनकारी उपाय उपभोक्ताओं के लिए वाहन खरीद को और अधिक किफायती बनाने और ऑटोमोटिव क्षेत्र के विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रगतिशील और समय पर लिया गया निर्णय है. इस दृष्टिकोण के अनुरूप, हमें जीएसटी दर में कटौती का पूरा लाभ अपने ग्राहकों को देते हुए गर्व हो रहा है, जिससे अधिक सामर्थ्य और बेहतर पहुंच सुनिश्चित हो सके.”
उन्होंने आगे कहा कि यह महत्वपूर्ण सुधार कराधान ढांचे को सरल बनाता है और स्थायी आर्थिक विकास और अभिनव गतिशीलता समाधानों के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को मजबूत करता है. हमें विश्वास है कि यह कदम उपभोक्ता भावना को उत्साहित करेगा और आगामी त्योहारी सीजन के दौरान मांग को बढ़ाएगा.
1. KIA की कौन सी कार सबसे ज्यादा सस्ती हुई है?
Kia Carnival की कीमत में सबसे ज्यादा, 4.48 लाख रुपये तक की कमी आई है.
2. क्या यह डिस्काउंट इलेक्ट्रिक कारों पर भी है?
नहीं, यह कटौती केवल किआ की पेट्रोल और डीजल (ICE) कारों पर लागू है.
3. KIA की नई कीमतें कब से लागू होंगी?
नई या फिर घटी हुई कीमतें 22 सितंबर, 2025 से लागू होंगी.
4. Kia Sonet पर कितना फायदा मिल रहा है?
किआ सोनेट पर ग्राहकों को 1,64,471 रुपये तक की बचत होगी.
5. कीमतों में यह कमी क्यों की गई है?
सरकार द्वारा जीएसटी दरों में की गई कटौती का पूरा लाभ कंपनी अपने ग्राहकों को दे रही है.
(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें)